मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक पर शनिवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. मंदिर में पूजा करने पहुंचे स्थानीय किताब दुकानदार एवं प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग: जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा रोज की तरह शनिवार सुबह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं.
मुजफ्फरपुर में प्रोपर्टी डीलर की हत्या
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत: वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए SKMCH ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के बड़े भाई मोहन प्रसाद ने बताया कि भाई पूजा करने गए थे.
“पिछले कई दिनों से कुछ ग्रामीण उन्हें धमकी दे रहे थे. इसको लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज की गयी थी. इसके बावजूद आज सुबह में गोली मार दी गयी. पुलिस से मांग करते हैं कि सभी पहलू की निष्पक्ष जांच करे.” -मोहन प्रसाद, मृतक के भाई
मृतक के भाई मोहन प्रसाद
एसपी ने की पुष्टि: सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए गए हैं. पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मंदिर में पूजा करने आया था. इसी दौरान तीन अभियुक्तों ने मिलकर उसे गोली मार दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है.
“घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. परिजनों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि मृतक का पहले से कई लोगों के साथ विवाद चल रहा था, जिसे लेकर उन्होंने पूर्व में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी.” -राजेश सिंह प्रभाकर, ग्रामीण एसपी, मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर में प्रोपर्टी डीलर की हत्या
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी: ग्रामीण एसपी के अनुसार पुलिस सभी पहलुओं- जमीन विवाद, आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और हाल में मिली कथित धमकियों की जांच कर रही है. पुलिस और प्रशासन की अलग-अलग टीमें इस मामले को सुलझाने में जुटी हैं. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.