पटना: बिहार चुनाव नजदीक है और ऐसे में कोई भी पार्टी अपने विरोधी दल पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है. तो बीजेपी और कांग्रेस कहां पीछे रहने वाली हैं. अब बीजेपी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को निशाने पर लिया है. दरअसल, राहुल गांधी ने इस बार की छठ पूजा की शुभकामनाएं उसी तस्वीर के साथ दीं जो उन्होंने पिछले साल भी इस्तेमाल की थी. इस पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने उन्हें घेरते हुए कहा कि राहुल का यह ट्वीट ‘राजनीतिक मजबूरी’ से प्रेरित है.
अमित मालवीय ने कसा तंज
मालवीय ने तंज कसते हुए कहा, ‘अगर आपको बिहार और इसके त्योहारों से जरा भी लगाव नहीं है, इतना भी नहीं कि दिल से शुभकामनाएं दे सकें, तो फिर चुनाव क्यों लड़ते हैं?’ उन्होंने आगे कहा, ‘छठ जैसा पवित्र पर्व आस्था, परंपरा और विविधता से भरा है, लेकिन आप पुराने कंटेंट को महीनों बाद सिर्फ दिखावे के लिए पोस्ट करते हैं.’
मामला क्या है?
चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व, जो मुख्य रूप से बिहार और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों में मनाया जाता है, 25 अक्टूबर से शुरू हुआ है और 29 नवंबर को समाप्त होगा. रविवार को राहुल गांधी ने छठ पूजा के पहले दिन लोगों को बधाई दी थी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘छठ पूजा के इस भव्य पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. यह पावन त्योहार आपके जीवन में खुशियां, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए.’
‘आपको बिहार के लोग गंदे लगते हैं’
हालांकि, सोशल मीडिया पर लोगों ने गौर किया कि राहुल गांधी ने जो तस्वीर इस बार इस्तेमाल की है, वही तस्वीर उन्होंने 2024 में भी पोस्ट की थी. इसके बाद बीजेपी ने राहुल पर बिहार और उसकी संस्कृति से ‘कटा हुआ’ होने का आरोप लगाया.
अमित मालवीय ने आगे कहा, ‘आपको बिहार के लोग गंदे लगते हैं, उनके शरीर से बदबू आती है, फिर भी मजबूरी में उनसे हाथ मिलाते हैं. उनके त्योहार आपको उत्साहित नहीं करते, लेकिन राजनीतिक मजबूरी में उन्हें बधाई देते हैं. यह आपकी महानता नहीं, आपकी मजबूरी है.’
लैटिन अमेरिकी दौरे पर भी कसा तंज
उन्होंने आगे कहा, ‘बिहार का अपमान करना बंद कीजिए. अगर उसकी आस्था को समझ नहीं सकते तो कोलंबिया जाइए और अपनी छुट्टियां एंजॉय कीजिए,’ यह कहते हुए उन्होंने राहुल गांधी के हालिया लैटिन अमेरिकी दौरे पर भी तंज कसा. अमित मालवीय ने अंत में कहा कि बिहार के लोग अब ऐसी नौटंकी को समझ चुके हैं और वे ‘अब आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन या महागठबंधन को वोट नहीं देंगे.’