नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को राज्य के युवाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया. नालंदा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो बिहार को शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा. राहुल गांधी ने कहा, “मेरा वादा है- बिहार में दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी बनेगी. बिहार के युवाओं का भविष्य यहीं से तैयार होगा और दुनिया भर के छात्र एक बार फिर यहां पढ़ने आएंगे.”
कांग्रेस सांसद ने कहा कि “हम सुनिश्चित करेंगे कि नालंदा का वही पुराना गौरव लौटे”, और इसके लिए एक नई “ग्लोबल यूनिवर्सिटी मिशन” की योजना बनाई जाएगी. राहुल ने दावा किया कि इस योजना के तहत नालंदा और उसके आसपास शिक्षा, शोध, तकनीक और नवाचार का हब तैयार किया जाएगा, ताकि बिहार के छात्रों को रोजगार और अवसर के लिए बाहर न जाना पड़े.
राहुल गांधी ने कहा कि “नालंदा कभी सिर्फ बिहार नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का ज्ञान केंद्र था”. उन्होंने याद दिलाया कि पहले लोग चीन, जापान, कोरिया, वियतनाम, थाईलैंड, इंग्लैंड, जर्मनी और पूरी दुनिया से नालंदा यूनिवर्सिटी में पढ़ने आते थे. लेकिन, आज हालात यह हैं कि जो छात्र ईमानदारी से पढ़ाई करता है, उसका पेपर लीक हो जाता है और जिनकी सत्ता से पहचान है, उन्हें सवाल पहले से मिल जाते हैं.” राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरा.
उन्होंने कहा कि “बिहार के ईमानदार छात्रों को किनारे कर दिया गया है. अब बदलाव का समय है. हम शिक्षा को राजनीति से नहीं, प्रतिभा से जोड़ेंगे.” कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान की प्रतीक रही है, लेकिन मौजूदा सरकार ने यहां की शिक्षा प्रणाली को कमजोर कर दिया है. उन्होंने कहा कि अब नालंदा फिर से दुनिया के छात्रों का केंद्र बनेगा.