पटना। बिहार में रियल एस्टेट सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है। पिछले आठ वर्षों में राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न शहरों में 1.34 लाख से अधिक फ्लैटों का निर्माण हुआ है। इस दौरान करीब 29 हजार करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इन परियोजनाओं में 1100 से अधिक बिल्डरों ने निवेश किया है। खास बात यह है कि कुल निर्मित फ्लैटों में 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी अकेले पटना की है।
प्रमुख शहरों में बढ़ा आवासीय विकास
पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, हाजीपुर, सोनपुर, दरभंगा और पूर्णिया जैसे शहरों में भी बड़े पैमाने पर आवासीय परियोजनाएं विकसित की गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि शहरीकरण और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के कारण राज्य में आवासीय परियोजनाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
रेरा में 2005 परियोजनाएं हुईं निबंधित
बिहार में रियल एस्टेट क्षेत्र की तेजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बिहार भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) में निबंधित परियोजनाओं की संख्या 2000 के आंकड़े को पार कर चुकी है। रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह के अनुसार, 2018 में स्थापना के बाद अब तक कुल 2532 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 2005 परियोजनाओं का निबंधन किया गया है।
465 आवेदन हुए रद्द, 60 की जांच जारी
रेरा के अनुसार, आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण 465 आवेदनों को रद्द किया गया है। वहीं दो परियोजनाओं का निबंधन निरस्त किया गया है। वर्तमान में 60 आवेदनों की जांच चल रही है। लंबित मामलों का प्रतिशत महज 2.37 प्रतिशत है और अगले एक माह में इनके निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
शिकायतों के निपटारे में भी बेहतर प्रदर्शन
घर खरीदारों की शिकायतों के समाधान के लिए बिहार रेरा ने पांच अलग-अलग पीठों का गठन किया है। इससे मामलों के त्वरित निपटारे में मदद मिल रही है। अब तक रेरा को 5551 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4512 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। यह कुल शिकायतों का 81 प्रतिशत से अधिक है।
घर खरीदारों में बढ़ा भरोसा
रेरा लगातार घर खरीदारों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहा है। इसके तहत लोगों को सुरक्षित निवेश और निबंधित परियोजनाओं की जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि पारदर्शिता और नियामकीय व्यवस्था मजबूत होने से बिहार के रियल एस्टेट सेक्टर में निवेशकों और घर खरीदारों का भरोसा बढ़ा है, जिसका असर निर्माण गतिविधियों में तेजी के रूप में दिखाई दे रहा है।