27 साल बाद बिहार में दोहराई गई सलमान-ऐश्वर्या की कहानी, गांववालों ने महिला की प्रेमी से कराई शादी

समस्तीपुरः साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में पति अपनी पत्नी को उसके प्रेमी से मिलाता है. करीब 27 साल बाद बिहार के समस्तीपुर में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया. यहां चोरी-छिपे मिलने पहुंचे प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. मामला पंचायत तक पहुंचा. लोगों को लगा कि दोनों को फटकार लगेगी, लेकिन पंचायत ने ऐसा फैसला सुनाया जिसने सभी को हैरान कर दिया. पंचायत की मौजूदगी में शादीशुदा महिला की शादी उसके प्रेमी से करा दी गई. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मामला समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के सिंधिया खुर्द गांव का है. बताया गया कि ताजपुर थाना क्षेत्र के चकपहाड़ गांव के रहने वाले पन्नालाल यादव शनिवार को अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे थे. दोनों को साथ देखकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद गांव में हंगामा हो गया और पंचायत बुलाई गई. ग्रामीणों के मुताबिक पन्नालाल यादव पहले से शादीशुदा हैं और दो बच्चों के पिता हैं. उनकी प्रेमिका भी विवाहित है और सिंधिया खुर्द स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी. इसी सिलसिले में प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने गांव पहुंचा था.

महिला के पति ने कराई शादी
पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे. महिला का पति भी वहां पहुंचा. काफी देर तक चली बातचीत के बाद पंचायत ने दोनों को साथ रहने की अनुमति देने का फैसला सुनाया. बताया जा रहा है कि महिला के पति ने भी इस फैसले पर सहमति जता दी. इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करा दिया गया. जानकारी के अनुसार दोनों की पहली मुलाकात कुछ साल पहले खगड़िया में हुई थी. वहीं से दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ. बाद में दोनों की शादी अलग-अलग जगह हो गई, लेकिन उनका संपर्क बना रहा.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
आखिरकार जब दोनों दोबारा मिलते हुए पकड़े गए तो मामला पंचायत तक पहुंच गया और पंचायत ने दोनों को एक साथ रहने की अनुमति दे दी. पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस फैसले को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.