पटना. बिहार बीजेपी खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है. दरअसल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए संजय सरावगी को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. यह खबर राज्य की राजनीति के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब एनडीए को हाल ही में 2025 के विधान सभा चुनावों में जबरदस्त सफलता मिली है.
कौन हैं संजय सरावगी?
संजय सरावगी बिहार के दरभंगा जिले से भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं. संजय जायसवाल दरभंगा सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक रहे हैं और मिथिला क्षेत्र में अपनी मजबूत पैठ के लिए जाने जाते हैं. उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ और आज वे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की भूमिका तक पहुंचे हैं. संजय सरावगी 2005 से लगातार दरभंगा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं. संजय सरावगी वैश्य समाज से आते हैं और बीजेपी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को निभा चुके हैं.
बीजेपी ने ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत का किया पालन!
बीजेपी में यह बदलाव इसलिए आया है क्योंकि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत को लागू करने की कोशिश कर रही है, जिससे कई वरिष्ठ नेताओं को संगठनात्मक और प्रशासनिक भूमिकाओं में संतुलन बनाना आवश्यक हो गया है. इसके तहत वर्तमान में उद्योग मंत्री बने दिलीप कुमार जायसवाल से प्रदेश अध्यक्ष का पद लेकर किसी और ट्रांसफर करने की चर्चा चल रही थी. बीजेपी ने इसी को ध्यान में रखकर संजय सरावगी को बिहार बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. बता दें, इस बार संजय सरावगी को बिहार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली थी. ऐसे में उन्हें अब बड़ी जिम्मेदारी मिली है.