NDA में सीट बंटवारे पर तेज हुई बातचीत, जीतन राम मांझी के घर पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान

Bihar chunav 2025 NDA Seat Sharing Politics: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किसी भी वक्त हो सकता है. उससे पहले एनडीए के घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठकों का दौर तेज़ हो गया है. बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ तालमेल बैठाकर जल्द ही फार्मूला तय करने की कोशिश में है.

रविवार को केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हम प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से मिलने उनके आवास पहुंचे. मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली, जिसमें सीट बंटवारे पर प्राथमिक चर्चा हुई. बताया जा रहा है कि बीजेपी सहयोगी दलों के साथ अलग-अलग मुलाकात कर रही है ताकि जल्द ही साझा घोषणा की जा सके.

धर्मेंद्र प्रधान इसके पहले जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से भी मिले थे. सूत्र बताते हैं कि मांझी के बाद वे आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से भी मिलेंगे. माना जा रहा है कि इन मुलाकातों के बाद एनडीए सीट बंटवारे का खाका तय कर लेगा.

बीजेपी ने अपने स्तर पर भी टिकट वितरण और उम्मीदवार चयन को लेकर लंबी बैठकें की हैं. पटना स्थित पार्टी कार्यालय में दो दिनों तक चली चर्चाओं में सिटिंग विधायकों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई. सूत्रों के मुताबिक, जिन नेताओं के खिलाफ जनता में नाराजगी है या जिनकी पकड़ कमजोर है, उनके टिकट कटने की संभावना है.

राज्य कार्यसमिति की बैठक में करीब 60 सीटों पर रिपोर्ट बनाई गई है. बाकी सीटों पर चर्चा आज पूरी की जाएगी. हर सीट से तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा. अंतिम फैसला दिल्ली से होगा.

बीजेपी की योजना है कि सहयोगी दलों से अलग-अलग बातचीत के बाद एनडीए की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी. इसमें जेडीयू, हम और आरएलएम के बीच अंतिम सीट बंटवारे पर सहमति बनेगी.