पटना. बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज है. एनडीए के तमाम दल लगातार नई सरकार के गठन को लेकर ताबड़तोड़ बैठकर कर रहे हैं. इसी बीच खास मुलाकातों का दौर भी तेज है. दरअसल बिहार में नई सरकार के गठन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सलाहकार दीपक कुमार सोमवार को बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई.
सूत्रों के मुताबिक, यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और नई सरकार के गठन को लेकर लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं. दरअसल दीपक कुमार का सम्राट चौधरी के आवास पहुंचना और दोनों के बीच लंबी बातचीत होना कई राजनीतिक मायनों में अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि बिहार में 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन होना है, ऐसे में सम्राट चौधरी और दीपक कुमार की यह मुलाकात उसी सिलसिले में हुई है.
करीब आधे घंटे तक चली मुलाकात
बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक चली इस बैठक में राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई. मुलाकात के बाद दीपक कुमार सम्राट चौधरी के आवास से निकल गए. बता दें, नीतीश कुमार 14 अप्रैल को बिहार कैबिनेट की आखिरी बैठक करने वाले हैं. वहीं इस बैठक के बाद नीतीश कुमार शाम 4 बजे तक मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देंगे. वहीं 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे बिहार लोक भवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा.
कौन होगा बिहार का सीएम?
बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल चरम पर है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार के शपथ ग्रहण की चर्चाओं के बीच संभावित कैबिनेट मंत्री लिस्ट भी चर्चा में आ गई है. सूत्रों के मुताबिक, एनडीए सरकार में सहयोगी दलों के बीच फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है और उसी के आधार पर मंत्रियों के नाम सामने आ रहे हैं. वहीं नई सरकार में सम्राट चौधरी सीएम बन सकते हैं और निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की पूरी संभावना है.