समस्तीपुरः बिहार विधानसभा चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. समस्तीपुर में बड़ी संख्या में चुनाव चिन्ह युक्त पर्ची बरामद की गई हैं. हजारों वीवीपैट की पर्चियां कूड़े में फेंकी मिलीं. ये पर्ची सरायरंजन विधानसभा के शितलपट्टी गांव के पास मिली हैं. बता दें कि, 6 नवंबर को इस विधानसभा सीट पर वोटिंग हुई थी. अब शनिवार सुबह शीतलपट्टी गांव में वीवीपैट की पर्चियां मिलने से हड़कंप मच गया. मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी ने जांच का आदेश दिया है.
मामला शनिवार सुबह का बताया जा रहा है. सरायरंजन विधानसभा अंतर्गत केएसआर कॉलेज के पास कमिटिंग के दौरान मॉक पोल की पर्चियों को फेंकने का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए. जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया है. मामले ने तूल पकड़ना शुरू किया, तो राजद ने भी सरकार पर निशाना साधा है.
राजद ने एक्स पर किया पोस्ट
राष्ट्रीय जनता दल ने एक्स हेंडल पर पोस्ट किया कि- “समस्तीपुर के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के KSR कॉलेज के पास सड़क पर भारी संख्या में EVM से निकलने वाली VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिली. कब, कैसे, क्यों किसके इशारे पर इन पर्चियों को फेंका गया? क्या चोर आयोग इसका जवाब देगा? क्या यह सब बाहर से आकर बिहार में डेरा डाले लोकतंत्र के डकैत के निर्देश पर हो रहा है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि – समस्तीपुर के डीएम को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया गया है. चूंकि ये मॉक पोल (प्रायोगिक मतदान) की वीवीपैट पर्चियां हैं, इसलिए मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता पर कोई असर नहीं पड़ा है. संबंधित प्रत्याशियों को भी डीएम द्वारा इसकी जानकारी दी गई हैय. हालांकि, लापरवाही के कारण संबंधित एआरओ को निलंबित किया जा रहा है और एफआईआर दर्ज की जा रही है.
सीट पर हो चुका है मतदान
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान दो चरणों में कराया जा रहा है. पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हो चुका है. जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है. मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी. सरायरंजन विधानसभा सीट पर 6 नवंबर को ही मतदान हो चुका है. ऐसे में वीवीपैट की पर्चियां मिलने से बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.