मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग स्थित नवादा चौक पर गुरुवार देर शाम बेकाबू कार ने कई बाइक को रौंद दिया। करीब दर्जन भर लोगों को टक्कर मारी दी। इस हादसे में बाइक सवार लगभग आधा दर्जन घायल हो गए, जिसमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को एसएकएमसीएच रेफर किया गया है।
सूचना पर दल बल के साथ पहुंचे थानेदार सुबोध कुमार मेहता ने सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से डॉ. रेहान ने मणिका निवासी मो. कुद्दुस (45), रामदयालु निवासी हरीश कुमार (34) और हाजीपुर निवासी यशवंत कुमार (30) को मेडिकल रेफर कर दिया, जबकि नयागांव निवासी श्रवण कुमार के पुत्र प्रीतम कुमार को परिजनों ने निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। इसके अलावा दो से तीन अन्य लोग आंशिक रूप से जख्मी हुए, जो स्थानीय स्तर पर इलाज करवाकर घर चले गए।
ग्रामीणों ने भाग रहे जख्मी कार सवार युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे पीएचसी में भर्ती कराया है। इस बीच रास्ते से गुजर रहे विधायक अमर कुमार पासवान भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थानेदार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिना नंबर की कार और दो बाइक जब्त कर ली गई है। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को पीएचसी से मेडिकल रेफर किया गया है। कार सवार युवक का पीएचसी में इलाज चल रहा है। ये भी पढ़ें:बिहार में क्रिमिनल केस की जांच टाइट होगी, HC ने पुलिस को 15 पॉइंट की SOP दे दी
कुढ़नी में वाहन की टक्कर से युवक की मौत सदर थाना क्षेत्र के मैदापुर चौक के समीप बुधवार की रात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। इसमें फकुली थाने के केशरावां निवासी रामउदार शर्मा के बड़े पुत्र विश्व विजय कुमार राय (44) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल में भर्ती कराया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विश्व विजय कुमार बिजली का काम करते थे। मुजफ्फरपुर में डेरा लेकर बच्चों को पढ़ाते थे। काम खत्म करने के बाद रात आठ बजे डेरा जा रहे थे। उसी दौरान वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी।
बाइक को बचाने में पिकअप- कार टकराई साहेबगंज। बाईपास रोड पर गुरुवार की शाम बाइक को बचाने में पिकअप-कार टकरा गई। पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज स्थित सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पुजारी राजकिशोर शर्मा और कोटवा मच्छरगांवा निवासी पप्पू सिंह बाल-बाल बच गए। पुजारी ने बताया कि वे पटना बापू सभागार में धार्मिक न्यास बोर्ड की बैठक से लौट रहे थे। वहीं, पिकअप चालक हरेंद्र गिरि ने बताया कि वह सीवान के बरहरवा से अंडा लेकर मुजफ्फरपुर जा रहा था।
बाइक की चपेट में आने से बुजुर्ग की जान गई मीनापुर। थाना क्षेत्र की तुर्की तुरहा टोली के समीप गुरुवार की शाम बाइक की चपेट में आने से ही नागा साह (60) की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बाइक को पकड़ लिया। हालांकि, सवार भागने में सफल रहा। नागा साह पैदल सड़क पार कर रहे थे। थानेदार रामएकबाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। इधर, मानिकपुर के समीप शिवहर सड़क पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार जख्मी हो गया।
बस ने बाइक में मारी ठोकर, दो युवक जख्मी साहेबगंज। नवलपुर बल्थी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। पुलिस ने बेतिया थाने के रुलही निवसी मंगरु दास के पुत्र दिलखुश कुमार (25), रवि पटेल के पुत्र देशराज कुमार (15) को अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। दोनों मुजफ्फरपुर जा रहे थे। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है।