पटना में छात्रों का प्रदर्शन हुआ हिंसक, पुलिस की दो गाड़ियां पलटीं; कई घायल

पटना। बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना शनिवार को हिंसक झड़पों का गवाह बनी। सड़कों पर उतरे छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों का प्रदर्शन कई स्थानों पर उग्र हो गया। गांधी मैदान, एग्जिबिशन रोड, डाकबंगला चौराहा और पटना जंक्शन के आसपास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की झड़प हुई। पथराव, लाठीचार्ज और तोड़फोड़ के कारण शहर के मध्य हिस्से में लंबे समय तक तनाव का माहौल बना रहा और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

एग्जिबिशन रोड पर पुलिस की दो गाड़ियां पलटी
प्रदर्शन के दौरान गांधी मैदान के समीप एग्जिबिशन रोड पर उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के बाद उन्हें पलट दिया।स दौरान बाकरगंज टीओपी प्रभारी प्रमोद कुमार घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जबकि घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
डाकबंगला चौराहा और पटना जंक्शन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से ईंट-पत्थर फेंके गए, जबकि प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का विरोध करते रहे।

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। सड़कों पर बड़ी संख्या में ईंट-पत्थर बिखरे नजर आए।

वामपंथी छात्र संगठनों के पहुंचने से बढ़ी भीड़
पटना जंक्शन की ओर से वामपंथी छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद प्रदर्शन और तेज हो गया। गांधी मैदान के आसपास लगभग एक हजार से अधिक छात्र और कार्यकर्ता जमा हो गए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र टेलीफोन टावर पर भी चढ़ गए, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। परीक्षा प्रणाली और प्रश्नपत्र लीक के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई।

तेज प्रताप यादव और राजद विधायकों ने दिया समर्थन
प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेज प्रताप यादव भी रामगुलाम चौक पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा पर चढ़कर तिरंगा लहराया और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।

वहीं राजद विधायक गौतम कृष्णा भी डाकबंगला चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए छात्रों के समर्थन में नारे लगाए और प्रदर्शनकारियों के साथ कुछ देर तक धरने पर भी बैठे।

कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, एग्जिबिशन रोड, फ्रेजर रोड और पटना जंक्शन के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल और दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार मौके पर कैंप कर स्थिति की निगरानी करते रहे।

फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस हालात सामान्य करने का प्रयास कर रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।