बिहार में होने वाली बड़ी साली पर आया दूल्हे का दिल! खरमास में ही कर ली शादी

अरवल: बड़ी बहन से शादी तय थी। अप्रैल का डेट दोनों परिवार वालों ने फिक्स किया था। इस बीच होने वाले दामाद की, होने वाली पत्नी और उसकी छोटी बहन से मोबाइल पर बातचीत होती थी। मगर, होने वाले जीजा का साली पर दिल आ गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने आव देखा न ताव खरमास में ही शादी रचा ली। बिहार के अरवल जिले से रिश्तों के उलझाव और प्रेम की ये दिलचस्प कहानी सामने आई है। कुर्था थाना क्षेत्र के भतूबिगहा निवासी आदित्य कुमार की शादी सबलकसराय की एक लड़की से तय हुई थी। तीन महीने पहले धूमधाम दोनों परिवार वालों ने धूम-धाम से इंगेजमेंट किया था। अब दोनों परिवार अप्रैल में होने वाली शादी की तैयारियों में जुटा था। लेकिन इसी बीच दूल्हे का दिल अपनी होने वाली बड़ी साली पर आ गया। मोबाइल पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरे प्रेम में बदल गई। समाज और लोक-लाज की परवाह किए बिना, दोनों ने भागकर शादी करने का फैसला किया। आखिरकार, मंदिर में सात फेरे लेकर एक-दूजे के हो गए।

मोबाइल से शुरू हुई प्रेम कहानी
आदित्य की शादी जिस लड़की से तय हुई थी, उसकी छोटी बहन जहानाबाद में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान आदित्य और छोटी बहन के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों का रिश्ता परवान चढ़ा और उन्होंने तय शादी को दरकिनार कर साथ रहने का फैसला कर लिया। इस खबर ने दोनों परिवारों को हैरत में डाल दिया।

पुलिस की पहल पर हुआ विवाह
शनिवार को ये प्रेमी जोड़ा कुर्था थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस के दखल पर उन्हें स्थानीय प्राचीन सूर्य मंदिर भेजा गया। यहां पंडित सतीश पाण्डेय ने वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया। खरमास के महीने में हुई इस शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस अनोखी शादी के दौरान युवक और युवती की माताओं की आंखों में आंसू थे और वे इस फैसले से आहत नजर आईं। हालांकि, परिजनों ने अभी इस नए रिश्ते को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया है, लेकिन मंदिर में हुई शादी को वे झुठला नहीं पा रहे हैं। पूरे इलाके में इस ‘साली-जीजा’ की शादी की चर्चा जोरों पर है।