बिहार के ये जिले हाई सिक्योरिटी जोन घोषित, खुफिया विभाग का आदेश

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर समेत बिहार के चार प्रमुख जिलों को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है। इनमें पटना, गया और भागलपुर शामिल हैं। इन जिलों में सुरक्षा नेटवर्क सख्त कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वीआईपी मूवमेंट हो या भीड़-भाड़ वाले इलाके, हर जगह पैनी नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लोकल पुलिस के अलावे अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती है। सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

शहर में प्रवेश व निकास के मुख्य मार्गों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। जिले की सीमाओं पर भी वाहनों की सघन जांच हो रही है ताकि बाहर से आने वाले वाहनों से अवैध नकदी, शराब आदि चीजें प्रवेश न कर सके।

सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हमेशा तत्पर रहें। विशेष रूप से स्पेशल ब्रांच और खुफिया विभाग को पुलिस के साथ रियल-टाइम जानकारी साझा करने को कहा गया है, ताकि सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से समय रहते निपटा जा सके। इन कड़े सुरक्षा उपायों के चलते चुनावी गहमागहमी के बीच भी जिले में सुरक्षा का माहौल कायम है।