होली पर ऐसे बदला बिहार की सियासत का रंग, 10 पॉइंट्स में जानें सुबह से शाम तक क्या हुआ, रात में लगी अंतिम मुहर!

पटनाः बिहार की राजनीति के लिए इस बार की होली रंगों से ज्यादा सियासी उलटफेर के नाम रही. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़कर राज्यसभा जाने की खबरों ने पटना से दिल्ली तक हलचल तेज कर दी है. बुधवार सुबह से शुरू हुआ अटकलों का दौर देर रात मुख्यमंत्री आवास पर हुई हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद एक ठोस निर्णय की ओर बढ़ता दिखा. सूत्रों का दावा है कि नीतीश कुमार के भविष्य और राज्य की कमान को लेकर रात के अंधेरे में अंतिम मुहर लग चुकी है, जिसकी आधिकारिक घोषणा आज होगी.

इस पूरे घटनाक्रम ने एनडीए और विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी है. जहां एक ओर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री और बीजेपी के ‘ऑपरेशन लोटस’ की चर्चाएं आम हैं, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन इसे जनादेश का अपमान बता रहा है. गुरुवार को नामांकन की आखिरी तिथि है, ऐसे में बिहार की सत्ता में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.

सुबह से अटकलें: बुधवार सुबह से ही राजनीतिक गलियारों में यह खबर तैरने लगी कि नीतीश कुमार जेडीयू के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं.

बैठकों का दौर: शाम 6 बजे मुख्यमंत्री आवास पर संजय झा और विजय चौधरी जैसे कद्दावर नेताओं के साथ नीतीश कुमार की आपात बैठक हुई.

विजय चौधरी का बयान: बैठक के बीच मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि अंतिम फैसला नीतीश जी को लेना है, हालांकि पार्टी का एक धड़ा उनके दिल्ली जाने के पक्ष में नहीं है.
रामनाथ ठाकुर का नाम तय: राज्यसभा के लिए केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर का नाम लगभग फाइनल हो गया है, उन्होंने कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर ली है.

निशांत कुमार की चर्चा: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर दो संभावनाओं पर चर्चा तेज रही—या तो वे डिप्टी सीएम बनेंगे या फिर उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा.
संगठनात्मक बदलाव: मीटिंग में नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा को फिर से जेडीयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के निर्णय पर मुहर लगाई.

चिराग पासवान का बचाव: लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में सरकार चलती रहेगी.

पप्पू यादव का हमला: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी पर जनादेश के अपहरण का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब सत्ता हथियाने की साजिश है.

आरजेडी का सनसनीखेज दावा: राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने एक्स (X) पर लिखा कि बीजेपी ने ‘साइलेंट ऑपरेशन लोटस’ चलाकर नीतीश कुमार को डरा-धमकाकर सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया है.

रात में अंतिम मुहर: सूत्रों के अनुसार, देर रात चली गुप्त मंत्रणा में नीतीश के राज्यसभा जाने और राज्य में नए नेतृत्व के फार्मूले पर अंतिम सहमति बन गई है, जिसका असर आज नामांकन में दिखेगा.