रोहतास: रोहतास जिले के सासाराम में शनिवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।
ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत
पहली घटना नटवार थाना क्षेत्र के मरोढ़ गांव के पास हुई, जहां दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक विजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत
दूसरी घटना दिनारा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-319 स्थित सुरती मोड़ की है। यहां सड़क पार कर रही एक महिला को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान कोचस निवासी इंदु देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी।
पेड़ से टकराई बाइक
तीसरी दुर्घटना भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव के समीप हुई। अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के चांदी गांव निवासी सिकंदर सिंह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वह पास के पानी भरे गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई।
टेंपो-ट्रैक्टर की टक्कर में आठ लोग घायल
चौथी घटना शिवसागर थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। इस हादसे में टेंपो सवार एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।