वैशाली: बिहार में मानसून का प्रभाव कमजोर रहने के बावजूद कई इलाकों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं ठनका गिरने से शुक्रवार को तीन लोगों की मौत हो गई. कब बरसेगा मानसून: मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक मानसून के प्रसार की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. हालांकि समग्र रूप से राज्य में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की उम्मीद है.
वैशाली में आकाशीय बिजली से तीन की मौत: वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों और एक महिला की मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया. बीरपुर पंचायत के वार्ड-8 निवासी 23 वर्षीय विवेक कुमार और 19 वर्षीय पीयूष कुमार तथा अभिषेक कुमार बाइक से घर लौट रहे थे, तभी करारी टोला में बिजली गिर गई.
महिला की भी दर्दनाक मौत: महनार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला सत्संग में शामिल होने के लिए चार दिन पहले मायके आई थी. बारिश के दौरान गोइठा को प्लास्टिक से ढक रही थी, उसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया. बारिश से गर्मी में राहत: शुक्रवार देर शाम बांका, दरभंगा, पटना, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हुई. इससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली है.
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
22 जून तक लू का प्रकोप: 22 जून तक राज्य के पश्चिमी और मध्य भागों में लू चलने की संभावना है. दिन के साथ रात का तापमान भी ऊंचा रहने से गर्मी और उमस बढ़ सकती है. मानसून की कमजोर स्थिति के कारण अगले सात दिनों में राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. शुक्रवार को पटना समेत 16 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. पटना में 40.5 डिग्री जबकि भभुआ 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा.