कोसी: बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के नवहट्टा प्रखंड क्षेत्र में कोसी नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, घटना पूर्वी कोसी तटबंध के ई-2 घाट स्थित स्पर संख्या 78:60 के पास हुई। मृत बच्चियों की पहचान नवहट्टा नगर पंचायत वार्ड संख्या 9 निवासी मोहम्मद नौशाद की 14 वर्षीय पुत्री जास्मिन परवीन और वार्ड संख्या 7 निवासी सदरे की 13 वर्षीय पुत्री गुलबसा परवीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान पैर फिसलने अथवा गहरे पानी में चले जाने से वे नदी में डूब गईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद भी करीब दो घंटे तक एसडीआरएफ टीम के मौके पर नहीं पहुंचने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में हुई देरी को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई।
एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे नवहट्टा इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुखी परिजनों ने बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वहीं, घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा है।