मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. मामला देवरिया थाना क्षेत्र के एकमा चौक के पास का है, जहां वैशाली नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें सवार बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) समेत दो लोगों की डूबने से मौत हो गई. रात भर कार नहर में गिरी रही, लेकिन किसी को हादसे का पता नहीं चला. आखिरकार दो जिंदगियां हमेशा के लिए काल के गाल में समा गई.
वैशाली नहर में गिरी कार: घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी माहौल है. शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने एकमा चौक स्थित वैशाली नहर पुल के नीचे पानी में एक कार को डूबा हुआ देखा, जिसका कुछ हिस्सा ही बाहर दिखाई दे रहा था. इसकी सूचना तुरंत देवरिया थाना पुलिस को दी गई.
मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा
क्रेन की मदद से कार को निकाला गया बाहर: सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया.
बिजली विभाग के JE समेत दो की मौत: कार का दरवाजा खोलते ही अंदर दो युवक अचेत अवस्था में मिले. उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान बिजली विभाग के JE सनी कुमार और विभागीय कर्मी अफजल कुमार के रूप में हुई है.
बिहार में बड़ा हादसा
परिवार में मचा कोहराम: पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रहते थे और ड्यूटी पर थे. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को जानकारी दी गई, जिसके बाद घरों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है.
“प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिर गई. पुलिस हादसे के समय, वाहन की गति और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”- मनोज कुमार साह, देवरिया थानाध्यक्ष