केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, भागलपुर से एयर एंबुलेंस से पटना लाने की तैयारी

भागलपुर: केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भागलपुर से पटना ले जाने की तैयारी की जा रही है। उन्हें भागलपुर से पटना एयर एंबुलेंस के जरिए ले जाया जाएगा। रामनाथ ठाकुर नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के जगदीशपुर में आयोजित एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने आए थे।

केंद्रीय मंत्री फिलहाल भागलपुर के सर्किट हाउस में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। सर्किट हाउस में एयरपोर्ट तक तक ले जाने के लिए एंबुलेंस भी मंगा ली गई है। जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की ओर से एयर एंबुलेंस के साथ पटना तक जाने के लिए दो सीनियर डॉक्टरों को नामित किया गया है। इसमें मेडिसन विभाग के डॉ अशोक कुमार सिंह और डॉ अमरेंद्र कुमार शामिल हैं।

इधर जदयू के जिलाध्यक्ष विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि रामनाथ ठाकुर गुरुवार रात में ही भागलपुर पहुंचे थे। सर्किट हाउस में रुके थे। रात से ही उनकी तबीयत नासाज हो गई। पेट में कुछ तकलीफ है। डॉक्टर को सूचित किया गया। बेहतर चिकित्सा के लिए पटना जा रहे हैं। तबीयत खराब होने की वजह से ही वह कार्यकर्ता सम्मेलन में नहीं पहुंच सके। ये भी पढ़ें:NDA के सम्मेलन में मंच बन रणक्षेत्र, जमुई में नीतीश के मंत्री के विरोध में बवाल

रामनाथ, भारत रत्न बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं। वह जेडीयू से राज्यसभा सांसद हैं। नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में उन्हें जेडीयू कोटे से कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री बनाया गया था।