बिहार में मतदान खत्म, किशनगंज सीट पर सबसे ज्यादा 76% वोट पड़े, एग्जिट पोल से हो रहे चौंकाने वाले खुलासे

पूर्णिया: बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 67.14 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। यह आंकड़ा 70 फीसदी से ज्यादा जाने का अनुमान है। गयाजी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में आज मतदान हुआ। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल थे। दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ रहे हैं। नवभारत टाइम्स ऑनलाइन के इस पेज पर आपको बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे फेज के लिए हो रही वोटिंग और एग्जिट पोल के सारे अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज लाइव मिलेंगे।

कैमूर के चैनपुर क्षेत्र की अधौरा पहाड़ी पर बसे 108 गाँवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है, जहाँ आजादी के बाद भी कोई विकास नहीं हुआ। मतदान के दौरान महिला मतदाताओं ने कहा कि वे गरीबों के लिए सोचने वाले और विकास करने वाले प्रत्याशी को वोट करेंगी, वहीं पुरुष मतदाताओं का कहना था कि बिहार में फैक्ट्री लगनी चाहिए ताकि नौजवान बाहर कमाने न जाएँ। इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पानी की है, जिसके लिए वनवासी कई किलोमीटर भटकने और रासायनिक युक्त पानी पीने को मजबूर हैं, क्योंकि नेता हर चुनाव में वादे करते हैं, पर जीतने के बाद भूल जाते हैं।

किशनगंज में दूसरे चरण में सबसे ज्यादा 76.26% मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में किशनगंज में सबसे ज्यादा 76.26% मतदान हुआ। इसके बाद कटिहार में 75.23%, पूर्णिया में 73.79%, सुपौल में 70.69% और पूर्वी चंपारण में 69.02% मतदान हुआ। भारत निर्वाचन आयोग के वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक नवादा में शाम 5 बजे तक 57.11% मतदान हुआ।

गया कॉलेज स्थित आदर्श मतदान केंद्र (बूथ संख्या 214) को गुब्बारों और आकर्षक स्लोगन वाली होर्डिंग्स से सजाया गया है, जिससे उत्साहित मतदाता यहाँ अपनी तस्वीरें ले रहे हैं। मतदान करने पहुंचे 82 वर्षीय वृद्ध मतदाता चंद्रिका सिंह ने बूथ पर उपलब्ध बेहतरीन सुविधाओं की तारीफ की, जहाँ मतदान कर्मियों ने उन्हें सहयोग कर ईवीएम तक पहुँचाया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना वोट रोजगार और विकास के लिए दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विकास हुआ है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर सुविधाएँ और नल जल योजना जैसी सुविधाओं पर पूरी तरह से ध्यान देने की जरूरत है।

केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने गया जिले के महकार गांव में परिवार संग मध्य विद्यालय, महकार के बूथ संख्या 44 पर अपना मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 80% मतदान एनडीए के ही पक्ष में हुआ है और निश्चित रूप से चुनाव बाद एनडीए की सरकार बनेगी, जिसके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वह ‘ख्याली पुलाव पका रहे हैं’ और हो सकता है कि उन्होंने मंत्रिमंडल गठन के नाम पर लोगों को ठगने का काम किया हो, लेकिन लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास को देखते हुए एनडीए को ही वोट दे रहे हैं।

बीजेपी ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास राजद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजद के एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मतदान के दिन मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की गई। यह शिकायत राजद के एक फेसबुक पोस्ट के बाद की गई थी, जिसमें बीजेपी, जदयू और लोजपा कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद का दावा किया गया था। पार्टी ने कहा कि किसी भी नेता ने खंडन नहीं किया।

औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा ने मतदान किया: ‘परिवर्तन की लहर है, महागठबंधन सरकार बना रही है, औरंगाबाद-गया में बड़ी जीत होगी’
राजद सांसद औरंगाबाद के अभय कुशवाहा ने गयाजी के कुजापी में मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद दावा किया कि पूरे बिहार में परिवर्तन की लहर है और महागठबंधन की सरकार निश्चित रूप से बन रही है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद की सभी 6 सीटें और गयाजी की 10 में से 8 सीटें महागठबंधन कंफर्म जीत रहा है। उन्होंने इस लहर का कारण बेरोजगारी, पलायन, अफसरशाही को भगाने और रोजगार को बताया। साथ ही, उन्होंने तेजस्वी यादव के वादों को दोहराया कि सरकार बनने पर हर घर में नौकरी, 200 यूनिट बिजली फ्री और जीविका दीदी के खाते में ₹30 हजार मिलेंगे।
बिहार में विधानसभा चुनाव संपन्न
बिहार विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर और दूसरे/आखिरी चरण में 20 जिलों के 122 सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान का कार्य पूरा हुआ। बिहार में अबकी बार वोटिंग के सारे रिकॉर्ड टूट गए, राज्यवासियों ने मतदान का नया रिकॉर्ड बनाया है। पहले चरण में वोटिंग का आंकड़ा 65 तक पहुंचा तो दूसरे चरण में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मतदान शुरू होने के पहले से ही कई मतदान केंद्रों पर के मतदाता पहुंच गए थे। कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं की लंबी कतार दिखी। महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बिहार चुनाव में अब तक 67.14 प्रतिशत मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक, राज्य में 67.14 फीसदी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई है। भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिसके कारण चुनाव परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।