पटना. राजधानी पटना में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. शाम 4 बजे ही पटना के अधिकांश इलाकों में अंधेरा छा गया है. तेज आंधी और हवा के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता भी बढ़ा दी है. पटना में तेज आंधी और हवा के साथ बारिश शुरू हो गई है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार पटना और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, गरज के साथ बारिश और ठनका गिरने की आशंका जताई गई है. इसी को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
पटना के साथ-साथ वैशाली, मुजफ्फपुर में अचानक चली तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ हिलते नजर आए. मुजफ्फरपुर में अचानक ने मौसम ने करवट ले ली है. शाम 4 बजते ही पूरा अंधेरा हो गया हैं. सड़क पर चलने वाले राजगीर को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश भी हो रही है. वहीं बारिश शुरू होते ही सड़कों पर पानी जमा होने लगा. ऑफिस से लौट रहे लोगों और राहगीरों को भीगते हुए देखा गया.
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि यह बदलाव अगले कुछ घंटों तक बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखें. फिलहाल पटना समेत आसपास के इलाकों में मौसम पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है.
मौसम विभाग ने आज की स्थिति को देखते हुए बिहार को दो हिस्सों में बांटकर अलर्ट जारी किया है. राज्य के 19 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ दिया गया है, जिसका मतलब है कि वहां मौसम अधिक गंभीर हो सकता है और लोगों को सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है. वहीं, शेष 19 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की प्रबल संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, आज राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व भागों में मौसम सबसे अधिक प्रभावी रहेगा. इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व के जिलों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि बारिश और तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है.