मायके ना जा सके पत्नी तो पति ने खंभे से बांधा, वीडियो वायरल होने पर मोतिहारी पुलिस हरकत में आई

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और पति-पत्नी के रिश्ते पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. पचखरवा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को रस्सी से बांधकर खंभे से जकड़ दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. वायरल वीडियो में महिला बेबस हालत में खंभे से बंधी दिखाई दे रही है. उसके हाथ-पैर रस्सी से कसकर बांधे गए हैं. सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को बंधनमुक्त कराया. इस दौरान पीड़िता के पिता भी मौके पर पहुंचे.

पीड़िता शोभा देवी ने आरोप लगाया है कि उसका पति विजय गिरी लंबे समय से उससे बातचीत नहीं करता और उसके हाथ का बना खाना तक नहीं खाता. घरेलू विवाद को लेकर वह पहले भी थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगा चुकी है. महिला का कहना है कि रविवार को पति ने उसके साथ मारपीट की. इसके बाद जब वह घर छोड़कर जाने लगी तो पति ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया. वहीं आरोपी पति विजय गिरी ने सफाई देते हुए कहा कि दोनों के बीच मामला कोर्ट में चल रहा है और उसकी पत्नी बार-बार घर छोड़कर चली जाती है. इसी वजह से उसने उसे बांधकर रखा था.

आरोपी पति विजय गिरी ने कहा कि पहले कई बार पत्नी घर छोड़कर जा चुकी है. इसकी सूचना उसने डायल-112 को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. इस बार किसी अनहोनी की आशंका से उसने पत्नी के हाथ-पांव बांधकर खंभे से बांध दिया और खुद पुलिस को सूचना दी थी. हालांकि, उसका यह तर्क किसी भी लिहाज से जायज नहीं है. किसी भी परिस्थिति में किसी महिला के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार नहीं किया जा सकता है. जिस तरह महिला को खंभे से बांधकर रखा गया, उसने समाज को झकझोर कर रख दिया है. वायरल वीडियो के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.