जहां बजनी थी शहनाई, वहां एक साथ उठीं तीन अर्थियां; तिलक से लौट रहे बाप-बेटे और भाभी की मौत

पूर्णिया; पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड के कुंवारी पंचायत स्थित कुआंड़ी गोला टोल वार्ड संख्या 13 में ऐसा मातम पसरा है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। जिस घर में एक सप्ताह बाद बेटी की शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां एक साथ पिता-पुत्र और परिजन की अर्थियां उठीं। शादी फिलहाल टाल दी गई है। सरसी थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जागो ऋषि, उनके पुत्र किशन कुमार और चचेरी भाभी कंचन देवी की मौत हो गई थी। शनिवार की शाम तीनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक जागो ऋषि की बेटी अनिता कुमारी की शादी 24 फरवरी को होनी थी। इसी सिलसिले में परिवार के लोग तिलक समारोह में चंपानगर के पटना रहिका टोला गए थे जहां से लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।

दुर्घटना का रेडजोन बना ब्लाइंड स्पॉट पथ निर्माण विभाग की उदासीनता के कारण फारबिसगंज-कुर्सेला स्टेट हाईवे पर लगातार दुर्घटनाएं घटित हो रही है। ब्लाइंड स्पॉट वाली जगह पर लाइटिंग या अन्य सांकेतिक चिन्ह नहीं लगाए जाने के कारण रात में वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। यहां कई स्थानों पर काफी घुमावदार सड़क है। बीती रात सरसी थानाक्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के समीप ट्रक एवं टोटो की जिस स्थान पर टक्कर हुई है वह स्थान ब्लाइंड स्पॉट बताया जा रहा है। वहां सड़क इस तरीके का है कि वाहन चालकों को सामने कुछ दिखाई नहीं देता है। सड़क पर अचानक मोड़ है जिसके कारण रात के समय तेज रफ्तार वाहन दुर्घटना का शिकार हो जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बीती रात यह घटना हुई वहां इसके पूर्व भी कई बार इसी प्रकार दुर्घटनाएं हो चुकी है। बार-बार दुर्घटनाएं घटित होने के बावजूद भी पथ निर्माण विभाग द्वारा अब तक ब्लाइंड स्पॉट चिन्हित कर लाइटिंग या अन्य सांकेतिक व्यवस्था नहीं की जा सकी है।

छह वर्षीय पुत्र ने दी मुखाग्नि अंतिम संस्कार के दौरान दृश्य और भी मार्मिक हो गया जब जागो ऋषि को उनके छह वर्षीय पुत्र दिलचंद ऋषि ने मुखाग्नि दी। किशन कुमार को उसकी छोटी बहन कृता कुमारी ने और कंचन देवी को उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। ग्रामीणों के अनुसार जागो ऋषि खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार चलाते थे।

मां के अस्पताल से लौटने का इंतजार ग्रामीण बताते हैं कि परिवार में सबसे समझदार सदस्य अब खुद दुल्हन बनने वाली अनिता ही रह गई है। हादसे में उसकी मां कला देवी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज पहले पूर्णिया में हुआ और फिर बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर भेजा गया है। परिजन उनकी स्वस्थ वापसी का इंतजार कर रहे हैं।

तिलक से लौट रहे पिता-पुत्र समेत तीन की मौत शुक्रवार की देर रात सरसी थाना के फारबिसगंज-कुरसेला स्टेट हाईवे-77 पर रघुनाथपुर के पास ट्रक की ठोकर से टोटो में सवार पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टोटो सवार सभी लोग तिलक की रस्म पूरी कर घर लौट रहे थे। मृतकों में धमदाहा के कुंवारी गांव निवासी जागो ऋषि (45 वर्ष), उनका पुत्र किशन कुमार (18 वर्ष) तथा उनकी महिला रिश्तेदार मोती ऋषि की पत्नी कंचन देवी (40 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में कुंवारी गांव, वार्ड 13 निवासी फूलो सिंह, घटसतीनी वार्ड 17 निवासी आनंद सोरेन, कुंवारी निवासी जग्न ऋषि व कला देवी शामिल हैं।

24 फरवरी को शादी थी मृतका कंचन के पति मोती ऋषि ने बताया कि 24 फरवरी को होने वाली जागो ऋषि की बेटी की शादी के लिए तिलक की रस्म पूरी करने सभी लोग चंपानगर के पटना रहीका टोला गांव गए थे। तिलक के बाद टोटो से वापस अपने घर धमदाहा लौट रहे थे। रघुनाथपुर नहर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने टोटो में जोरदार ठोकर मार दी। सूचना पर मौके पर पहुंची सरसी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजा। बनमनखी एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने कहा कि एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। जहां घटना हुई, वह ब्लैक स्पॉट वाला एरिया है। मौके का मुआयना किया है। सड़क सुरक्षा मानकों का यहां पालन कराया जाएगा। ट्रक की तलाश की जा रही है।