कौन हैं पूर्णिया की शबाना आजमी, बिहार पुलिस के ‘ऑपरेशन रील’ के तहत हुईं सस्‍पेंड

पटनाः बिहार में ड्यूटी और वर्दी में सोशल मीडिया पर रील्स बनाने वाले पुलिस कर्मियों की अब खैर नहीं है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने ऐसे 40 से अधिक पुलिसकर्मियों को चिह्नित करते हुए उनकी लिस्ट तैयार कर ली है और उनके खिलाभ कार्रवाई भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में बुधवार के पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को सस्पेंड कर दिया गया है। अन्य जिलों के एसपी को भी सूची में शामिल पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।

रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का शौक पड़ा महंगा
रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर डालने का शौक पूर्णिया की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को महंगा पड़ा। एसआई शबाना आजमी पर फणीश्वरनाथ रेणु टीओप प्रभारी रहते अपनी कुर्सी पर अपने रिश्तेदार को बैठाकर फोटो खिंचवाने और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप है। इससे पहले भी वो वर्दी में रील्स बनाने के आरोप में चर्चा में आई थी। उस वक्त एसपी ने उन्हें इन सबसे परहेज करने की हिदायत दी थी।

पुलिस की वर्दी में डांस
निलंबित शबाना आजमी पर आरोप है कि वो लगातार पुलिस की वर्दी में सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील और वीडियो बनाकर पोस्ट कर रही थीं। सोशल मीडिया में वो पुलिस की वर्दी में डांस भी करती नजर आई थीं। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में जो भी पुलिसकर्मी इस मामले में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यालय की ओर से जारी एसओपी का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

लिस्ट में सबसे अधिक पटना के पुलिसकर्मी
बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक कार्रवाई की सूची में सबसे अधिक 16 पुलिसकर्मी पटना जिले से हैं। इसके अलावा मधुबनी, किशनगंज, दरभंगा, नालंदा, गया, सीतामढ़ी, सहरसा, जमुई और मुंगेर समेत कई जिलों के पुलिसकर्मियों के नाम शामिल हैं।

सोशल मीडिया सेल की ओर से माॅनिटरिंग के दौरान पहचान हुई
पुलिस सूत्रों के मिली जानकारी के अनुसार मुख्यालय के सोशल मीडिया सेल की ओर से माॅनिटरिंग के दौरान इन सभी की पहचान हुई है। बताया गया है कि सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में इन पुलिस कर्मियों की ओर से थाना परिसर के अंदर या फिर वर्दी पहने हुए वीडियो अपलोड करने से पुलिस की साथ खराब होती है। पुलिस मुख्यालय की ओर इसे अनुशासनहीनता बताया गया है।