बिहार में पत्नी की पीट-पीट कर हत्या, फिर पति ने खुद पुलिस को फोन करके बुलाया

पटना : राजधानी के दानापुर क्षेत्र में कथित रूप से एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला नर्स थी और पूर्वी गोला रोड में पति के साथ रहती थी। आरोप है कि उसके पति ने उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को हुई। बताया जाता है कि उन दोंनों के बीच होली पर ससुराल जाने को लेकर झगड़ा हुआ था।

पीएमसीएच में हेड नर्स थी चांदनी कुमारी
दानापुर में रहने वाली पीएमसीएच की हेड नर्स चांदनी कुमारी की कथित रूप से उनके पति सोनू कुमार सिंह ने पाट-पीट कर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार को रात में हुई। सोनू कुमार सिंह ने चांदनी कुमारी से होली में ससुराल जाने के लिए कहा था और इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था।

दोनों के बीच झगड़ा हुआ और फिर सोनू ने चांदनी को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सोनू कुमार अपने दो साल के बेटे को अपने पैतृक घर छपरा ले गया। बाद में वह देर रात में दानापुर लौटा और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने सोनू कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

ससुराल जाने की बात पर हुआ विवाद
सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि, उसने शुक्रवार की शाम को अपनी पत्नी चांदनी से होली पर ससुराल छपरा जाने के लिए कहा था। इसको लेकर दोनों में विवाद और फिर मारपीट हुई। सोनू के मुताबिक उसने चांदनी कुमारी को चांटा मारा, जिससे उसके कान से खून निकलने लगा। बाद में उसने चांदनी का गला दबाया और उस पर वार किए जिससे उसकी मौत हो गई।

चांदनी के एक रिश्तेदार के मुताबिक उनको शुक्रवार को देर रात में सूचना मिली कि चांदनी की हत्या कर दी गई है। वे चांदनी के घर पहुंचे तो उन्हें वहां चांदनी का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला। वहां उसका पति सोनू कुमार सिंह और पुलिस कर्मी मौजूद थे।

सोनू को है ऑनलाइन गेमिंग की लत
पुलिस सोनू को पुलिस थाने ले आई। चांदनी की शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस केस की जांच की जा रही है। चांदनी कुमारी के परिवार के लिखित आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

चांदनी कुमारी की बहन ब्यूटी कुमारी ने बताया कि, तीन साल पहले फरवरी 2023 में चांदनी और सोनू का विवाह हुआ था। ब्यूटी कुमारी ने बताया कि सोनू कुमार को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। वह इसमें चार लाख रुपये हार गया था। यह रकम चांदनी ने दी थी। ब्यूटी कुमारी के अनुसार चांदनी के ससुराल पक्ष के लोग अक्सर रुपयों की मांग करते हुए चांदनी को प्रताड़ित करते थे। चांदनी के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं।