चिराग पासवान बनेंगे बिहार के मुख्यमंत्री? सीएम पद के लिए जारी रेस के बीच होने लगी चर्चा

पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। उनके राज्यसभा जाने के बाद बिहार में सीएम की कुर्सी खाली हो गई है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में नए सीएम की खोज में जुट गई है। इसके लिए पार्टी के कुछ संभावित चेहरों के नाम भी सामने आ रहे हैं। इसी बीच एनडीए की सहयोगी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बिहार का सीएम बनाने की मांग उठ रही है।

प्रदेश प्रवक्ता ने उठाई मांग
लोजपा आर के प्रदेश प्रवक्ता मनीष सिंह ने चिराग पासवान को बिहार की सत्ता सौंपने की मांग की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुनः राष्ट्रीय राजनीति में लौटना एक ऐतिहासिक फैसला है। उनकी कार्यशैली, सुशासन की नीति और प्रशासनिक अनुभव का अनुकरण आज अन्य प्रदेशों के नेता भी करते हैं। उनके राष्ट्रीय राजनीति में लौटने से पूरे देश को उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिलेगा।

नई ऊर्जा और नई सोच के नेतृत्व की आवश्यकता
आगे उन्होंने लिखा कि वहीं, बिहार में नई ऊर्जा और नई सोच के साथ नेतृत्व की आवश्यकता है। ऐसे में चिराग पासवान जैसे युवा नेता को बिहार का मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलना चाहिए। यह केवल राजनीतिक बदलाव नहीं होगा, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लोकतंत्र में विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा तथा सामाजिक न्याय की भावना को भी सशक्त बनाएगा।

“बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट”
उन्होंने आगे लिखा कि चिराग पासवान एक पढ़े-लिखे और दूरदर्शी नेता है। चिराग पासवान जिस “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” की बात करते हैं अगर उन्हें बिहार की जनता का मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने मौका मिला तो वे अपने विजन से बिहार को देश के अग्रणी राज्यों में लाएंगे। इससे पहले लोजपा आर के बिहार प्रभारी सांसद अरुण भारती ने भी चिराग को बिहार का मुखिया बनते हुए देखने की इच्छा जाहिर की थी।