बिहार में अब नीतीश नहीं ‘सम्राट मॉडल’ चलेगा? उपेंद्र कुशवाहा ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

बिहार में ‘सम्राट मॉडल’ पर सियासत तेज हो गई है. एक तरफ नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे तो दूसरी ओर बिहार में नई सरकार का गठन होगा. इस बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी नई सरकार को लेकर बड़ी बात कह दी है. शुक्रवार (20 मार्च, 2026) को वे मीडिया से बात कर रहे थे.

पत्रकारों के इस सवाल पर कि कहा जा रहा है कि बिहार में सम्राट मॉडल चलेगा. इस पर भविष्यवाणी करते हुए कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार जिस मॉडल को चला रहे थे… आगे की जो भी सरकार आएगी उसी मॉडल को आगे बढ़ाएगी.” फिर पूछा गया कि जेडीयू कह रही है कि नीतीश मॉडल के बाद हम लोगों को निशांत मॉडल चाहिए. इस पर उन्होंने कहा, “हमने कहा न जो भी मॉडल नीतीश कुमार ने चलाया उसी को जो सरकार आएगी वो चलाएगी…”

एनडीए का नेतृत्व फैसला लेने में सक्षम: उपेंद्र कुशवाहा
नीतीश कुमार ने कहा है कि सम्राट चौधरी ही आगे देखेंगे. इस पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इस सवाल का जवाब आपको मिलेगा, इंतजार करिए. बीजेपी और एनडीए का नेतृत्व फैसला लेने में सक्षम है. तेजस्वी यादव कह रहे हैं उपेंद्र कुशवाहा ने अपने पूरे परिवार को सेट कर लिया. इस पर कहा, “ये बात तो बहुत पुरानी हो गई… नया सवाल पूछिए.”

दूसरी ओर मिडिल ईस्ट के युद्ध पर भी प्रतिक्रिया दी. सवाल किया गया कि मोहन भागवत ने कहा है कि मिडिल ईस्ट में जो युद्ध हो रहा है उसे भारत ही रोक सकता है. शांति बहाल भारत ही कर सकता है. इस पर कुशवाहा ने कहा, “उन्होंने ठीक कहा है. भारत तो उस क्षमता में है ही…”

मिडिल ईस्ट युद्ध से जुड़े एक सवाल पर ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार ऐसे मामलों में खासकर प्रधानमंत्री सक्षम हैं. भारत सरकार जो कर रही है ठीक कर रही है.