बिहार में ‘लौंडा डांस’ करने वाले युवक की हत्या, गलत नीयत का विरोध करने पर पेट में मारी गोली

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा के पास पटोहवा गांव में गुरुवार की रात हुई. नाच प्रोग्राम के दौरान बदमाशों ने एक ‘लौंडा डांसर’ को पेट में गोली मारी. घायल डांसर को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

यूपी के डांसर की बिहार में हत्या: मृतक की पहचान मृतक की पहचान यूपी के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआ पाटन गांव निवासी स्व उमेश गोंड का बेटा सोनू गोड़ (32) के रूप में की गई. घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि पटोहवा निवासी महेंद्र कुशवाहा के घर उनकी बेटी की शादी के लिए उत्तर प्रदेश से बरात आई थी. बारातियों के मनोरंजन के लिए रामायण यादव की नाच ड्रामा पार्टी का आयोजन किया गया था.

लड़की के वेश में सोनू गौड़
डांसर के पेट में मारी गोली: सोनू डांसर जब दो-तीन प्रोग्राम देकर बैठा था, तभी कुछ मनचले और बेखौफ बदमाशों की बुरी नीयत उस पर पड़ी. वे उसे जबरन स्टेज से खींचकर सुनसान जगह पर ले जाने का प्रयास करने लगे. जब उसने इसका विरोध किया और खुद को उनके चंगुल से छुड़ाने की कोशिश की, तो बौखलाए बदमाशों ने पिस्टल पेट में सटा कर सीधे गोली दाग दी.

नाच का दबाव बना रहे थे लड़के: नाच ड्रामा पार्टी के संचालक रामायण यादव ने बताया कि हम लोग देवरिया जिला के निवासी हैं. सोनू मेरी ड्रामा पार्टी में साल 2020 से काम कर रहा था. मैनेजर कुशवाहा के घर सारा प्रोग्राम बहुत अच्छे से चल रहा था. इसी बीच घटना को अंजाम दिया गया. सोनू को बदमाशों ने गोली मार दी.

डांस पार्टी के संचालक रामायण यादव
“दो से तीन बदमाश किस्म के लड़के आए और उन्होंने ड्रामा की फरमाइश की. इसके बाद वे जबरन हाथ पकड़कर खींचने लगे. सोनू के विरोध करने पर उन्होंने गोली मार दी. उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मौत हो गई.” -रामायण यादव, संचालक, नाच ड्रामा पार्टी

पिता की मौत के बाद अकेला कमाऊ था सोनू: रामायण यादव के अनुसार सोनू गौड़, पिछले 7 साल से अलग-अलग नाच पार्टियों में डांसर के रूप में काम कर अपनी आजीविका चला रहा था. माता-पिता की मौत के बाद वह अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. सोनू अपने पीछे तीन मासूम बच्चों और एक छोटे भाई को छोड़ गया है, जिनकी परवरिश और भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. उसकी हत्या से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी: इस संदर्भ में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने पुष्टि की. उन्होंने बताया कि गुरुवार की देर रात शादी समारोह के दौरान जमुनहा गांव के पास पटोहवा गांव में एक डांसर को गोली मार दी गई है, जिससे उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

“मामले की गहन जांच की जा रही है. बदमाशों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.” -अवधेश कुमार, कटेया थानाध्यक्ष, गोपालगंज