बिहार में चोरों का हौसला बुलंद, विधायक के घर के पास 18 लाख के आभूषण और नकदी चोरी

पश्चिम चंपारण। बिहार में अपराधियों और चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब वे माननीयों के पड़ोस को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र के भैंसही वार्ड संख्या-छह में शनिवार की रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया।

चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर करीब 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सनसनीखेज बात यह है कि जिस घर में चोरी हुई, वहां से महज 200 फीट की दूरी पर चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन का आवास है।

ससुराल गए थे गृहस्वामी
पीड़ित गृहस्वामी रुपेश कुमार प्रसाद ने बताया कि बीते तीन जुलाई की दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर में ताला बंद कर परिवार के साथ योगापट्टी प्रखंड के बेलबनवा स्थित ससुराल गए थे। वहां एक छठियार समारोह में शामिल होने पूरा परिवार गया हुआ था। इसी बीच शनिवार की रात सूने घर का फायदा उठाकर चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।

छोटे भाई ने दी ताला टूटने की सूचना
रविवार की सुबह गृहस्वामी के छोटे भाई मुन्ना प्रसाद और स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत रुपेश कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जब पीड़ित परिवार घर पहुंचा, तो नजारा देखकर दंग रह गया। मुख्य दरवाजे के अलावा घर के भीतर सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर रखे गोदरेज, पेटी और बक्से खुले पड़े थे, सारा सामान फर्श पर बिखरा हुआ था और गहनों के खाली डिब्बे जमीन पर पड़े मिले।

15 लाख के जेवरात और 3 लाख कैश
पीड़ित गृहस्वामी के मुताबिक, अज्ञात चोरों ने गोदरेज और लॉकर को कटर या किसी औजार से खोलकर उसमें रखे करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी व नए आभूषण, तीन लाख रुपये नगद, कीमती कपड़े, बर्तन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए हैं। पीड़ित ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।

जांच में जुटी FSL और टेक्निकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और जिला मुख्यालय से आई तकनीकी प्रशाखा (टेक्निकल सेल) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और चोरों के फिंगरप्रिंट्स व अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चनपटिया थाने में लिखित आवेदन दिया है।

चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि चोरी की इस बड़ी घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। टेक्निकल सेल की मदद से मिले साक्ष्यों और वैज्ञानिक पहलुओं के आधार पर पुलिस अपराधियों के सुराग तलाश रही है। जल्द ही इस कांड में शामिल शातिर चोरों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा होगा।