करोड़पति बनने का शानदार मौका! एलन मस्क की कंपनी में सीधे हिस्सेदार बनने का आ गया टाइम

Space x IPO Plan: दुनिया के सबसे अमीर शख्‍स एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ (SpaceX) ने शेयर बाजार में एंट्री करने का प्‍लान तैयार कर ल‍िया है. ‘स्पेसएक्स’ (SpaceX) ने अमेरिकी सूचकांक नैस्डैक (Nasdaq) में लिस्टिंग के लिए दस्तावेज जमा कर द‍िये हैं. इसे बाजार के जानकार इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) मान रहे हैं. उम्‍मीद की रही है क‍ि आईपीओ जून में आ सकता है. इस आईपीओ (IPO) के जर‍िये कंपनी निवेशकों से 50 अरब डॉलर से लेकर 75 अरब डॉलर (करीब 4.1 लाख करोड़ से 6.2 लाख करोड़ रुपये) जुटाने का प्‍लान कर रही है. इस आईपीओ से स्पेसएक्स (SpaceX) की वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर से 2 ट्रिलियन डॉलर (करीब 166 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच सकती है.

बताया जा रहा है क‍ि यह अमेरिकी इतिहास की पहली ऐसी कंपनी होगी, जो ट्रिलियन-डॉलर की वैल्यूएशन के साथ पब्लिक मार्केट में ल‍िस्‍ट‍िंग के ल‍िए एंट्री करेगी. निवेशक इस आईपीओ के साथ इस बड़ी कंपनी के शेयरहोल्‍डर बन सकते हैं. मस्‍क की इस कंपनी ने अंतरिक्ष विज्ञान की पूरी परिभाषा को बदलकर रख दिया है. स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्प नाम से जानी जाने वाली इस कंपनी ने अमेरिकी स‍िक्‍योर‍िटी एंड एक्‍सचेंज कमीशन (SEC) के पास जो दस्तावेज जमा किए हैं, उनके अनुसार कंपनी नैस्डैक स्टॉक एक्सचेंज पर ‘SPCX’ स‍िंबल के तहत लिस्ट होगी.

‘नैस्डैक टेक्सास’ एक्सचेंज पर भी लिस्ट होंगे शेयर
कंपनी के क्लास ए शेयर्स नैस्डैक के साथ-साथ हाल ही में शुरू हुए ‘नैस्डैक टेक्सास’ एक्सचेंज पर भी लिस्ट क‍िये जाएंगे. स्पेसएक्स का हेड ऑफ‍िस टेक्सास के स्टारबेस में ही स्थित है. इससे पहले अप्रैल में खबर आई थी क‍ि कंपनी ने गुपचुप तरीके से लिस्टिंग के लिए आवेदन क‍िया है. लेक‍िन अब यह प्‍लान दुनिया के सामने आ गया है. बाजार के जानकारों का मानना है कि स्पेसएक्स की धमाकेदार एंट्री से सुस्त पड़े आईपीओ मार्केट में नई जान आएगी. इसके बाद एंथ्रोपिक (Anthropic) और ओपनएआई (OpenAI) जैसी बड़ी एआई कंपनियों के लिए भी शेयर मार्केट के रास्‍ते खुल जाएंगे.

जनता के सामने अपने खातों को उजागर किया
स्पेसएक्स ने अपनी शुरुआत के 23 साल में पहली बार जनता के सामने अपने खातों को पूरी तरह उजागर किया है. कंपनी की तरफ से जमा क‍िया गया 277 पन्‍नों का रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (प्रपोजल लेटर) हैरान करने वाली तस्वीर पेश करता है. डॉक्‍यूमेंट के अनुसार साल 2025 में कंपनी का रेवेन्यू (राजस्व) बीते साल के मुकाबले 33 फीसदी बढ़कर 18.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इस भारी कमाई के बावजूद कंपनी को इस दौरान 4.9 अरब डॉलर नेट लॉस उठाना पड़ा है. यह घाटा इसलिए चौंकाता है क्योंकि 2024 में कंपनी ने 791 मिलियन डॉलर का मुनाफा कमाया था.

12.7 अरब डॉलर एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने में लगाया
भारी-भरकम खर्च और घाटे का कारण स्पेसएक्स (SpaceX) का अंतरिक्ष से ध्यान हटाकर एआई (AI) की तरफ मोड़ना है. कंपनी ने अपने खर्च का एक बड़ा हिस्सा 12.7 अरब डॉलर सिर्फ एआई (AI) इन्फ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने में लगा दिया. कंपनी ने स्टारलिंक के कामकाज पर 4.2 अरब डॉलर और अपने अहम काम यानी रॉकेट व स्पेस प्रोजेक्ट्स पर केवल 3.8 अरब डॉलर ही खर्च किए. यह घाटा 2026 में भी रुकने का नाम नहीं ले रहा. 2026 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में कंपनी को 4.7 अरब डॉलर के रेवेन्यू पर 4.3 अरब डॉलर का भारी घाटा हो चुका है. इन तीन महीने के दौरान कंपनी ने 10.1 अरब डॉलर खर्च कर द‍िये. इसमें 7.7 अरब डॉलर केवल एआई पर खर्च हुए.

2021 में कमर्शियल तौर पर लॉन्च होने के बाद से स्पेसएक्स की लो-अर्थ-ऑर्बिट सैटेलाइट इंटरनेट सर्व‍िस ‘स्टारलिंक’ की कमाई का बड़ा जरिया बन चुकी है. कंपनी के कुल 18.67 अरब डॉलर के एनुअल रेवेन्‍यू का ज्‍यादातर ह‍िस्‍सा इसी इंटरनेट सर्व‍िस से आता है. लेकिन कंपनी के प्रोस्पेक्टस में छ‍िपी असली कहानी सैटेलाइट्स की नहीं, बल्कि एआई को लेकर मस्क के बड़े इरादों की है. फरवरी 2026 में एलन मस्क की एआई कंपनी ‘xAI’ का स्पेसएक्स में मर्जर हो गया. इस मर्जर के बाद स्पेसएक्स ने खुद को ऐसी अंतरिक्ष कंपनी के रूप में रीब्रांड किया है, जो केवल एआई का यूज नहीं करती, बल्कि खुद एक एआई कंपनी है.