Apollo Hospital Share Price: अपोलो हॉस्पिटल्स (Apollo Hospitals) ने अपनी पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी कंपनी अपोलो हेल्थ एंड लाइफस्टाइल (AHLL) में 31% हिस्सेदारी 1,254 करोड़ रुपये में खरीदने का ऐलान किया है. यह हिस्सेदारी इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) से खरीदी जाएगी. इस डीलज के बाद अपोलो का AHLL पर पूरा नियंत्रण हो जाएगा. इस डील के पूरा होने पर एएचएलएल (AHLL) में अपोलो की हिस्सेदारी बढ़कर 99.42% हो जाएगी. बाकी 0.58% हिस्सेदारी कर्मचारी स्टॉक ऑप्शन प्लान (ESOP) के तहत रहेगी.
AHLL को ऑपरेट करने का पूरा नियंत्रण मिलेगा
डील के नवंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है. लेकिन इसके लिए कॉम्पिटिशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) की मंजूरी जरूरी होगी. अपोलो हॉस्पिटल्स की तरफ से रेग्युलेटरी फाइलिंग में बताया गया कि हिस्सेदारी खरीदने से कंपनी को AHLL को ऑपरेट करने का पूरा नियंत्रण मिलेगा. इससे डायग्नोस्टिक सर्विस का बेहतर इंटीग्रेशन होगा और वर्किंग एफिशिएंसी बढ़ेगी. अपोलो हॉस्पिटल्स की एमडी सुनीता रेड्डी ने बताया कि यह कदम पैसे के बेहतर इस्तेमाल और ज्यादा संभावना वाले सेक्टर पर फोकस करने में मदद करेगा.
573 करोड़ के इनवेस्टमेंट को भी मंजूरी दी गई
इसके अलावा अपोलो हॉस्पिटल्स की तरफ से गुरुग्राम में कैंसर सेंटर स्थापित करने के लिए 573 करोड़ रुपये के इनवेस्टमेंट को भी मंजूरी दी गई. इस सेंटर में नेक्सट जेनरेशन की सिंगल गैन्ट्री प्रोटॉन बीम थेरेपी सिस्टम होगा, इससे सालाना 350 मरीजों का इलाज किया जा सकेगा. यह सेंटर गुरुग्राम में अपोलो के दूसरे फेज के एक्सटेंशन प्लान का हिस्सा है. पहला फेज 2025 के अंत या 2026 की शुरुआत में शुरू होगा. इसके अलावा कैंसर सेंटर चार साल में बनकर तैयार होगा.
अपोलो की तरफ से आने वाले तीन से चार साल के दौरान अपने कैंसर ट्रीटमेंट से जुड़े बिजनेस को 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा करीब दोगुना करने का लक्ष्य है. कंपनी पर्सनल केयर और देश के बड़े शहरों में एक्सटेंशन पर फोकस कर रही है.