Gold and Silver Price: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बड़े फैसले ने दुनियाभर में तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों पर शिपिंग टैक्स लगाने और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी करने का ऐलान से क्रूड ऑयल के दाम में उबाल देखा जा रहा है. ग्लोबल लेवल पर बढ़ रही टेंशन का असर सोने-चांदी की कीमत पर भी देखा जा रहा है. सोमवार को बंद हुए कारोबारी सत्र में सोना ग्लोबल लेवल पर 3 प्रतिशत गिरकर 4005 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था. हालांकि, मंगलवार सुबह इसमें मामूली तेजी देखी गई. चांदी का दाम भी गिरावट से जूझ रहा है.
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ग्लोबल लेवल पर टेंशन बढ़ने के बाद सोने-चांदी के दाम में फिर से गिरावट देखी जा रही है. अमेरिका की तरफ से ईरान पर लगातार तीसरे दिन हमला किये जाने के बाद सोमवार को दोनों कीमती धातुओं में गिरावट आई. सोना गिरकर 4005 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया. चांदी के रेट भी गिरकर 57 डॉलर प्रति औंस पर आ गए. मंगलवार सुबह कॉमेक्स (Commex) पर सोने में हल्की रिकवरी देखी जा रही है और यह 12 डॉलर चढ़कर 4,017 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रहा है. लेकिन चांदी में गिरावट का सिलसिला बना हुआ है और यह 57.84 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेंड कर रही है.
MCX पर भी आई गिरावट
एमसीएक्स (MCX) पर कल बंद हुए सत्र में 5 अगस्त को डिलीवरी वाला सोना करीब 300 रुपये गिरकर 140309 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. चांदी के दाम में भी गिरावट आई और 4 सितंबर को डिलीवरी वाली चांदी 299 रुपये गिरकर 217718 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. बाजार से जुड़े जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से सोने-चांदी में उठापटक देखी जा रही है. अमेरिका की तरफ से ईरान पर हमले कि ये जाने के बाद निवेशक डरे हुए हैं. इंटरनेशनल लेवल पर सोने के दाम में तेजी और मंदी का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिलता है.
घरेलू बाजार में सोने-चांदी का हाल
अमेरिका की तरफ से ईरान पर हमला किये जाने के बाद सोमवार को भारतीय बाजार में भी गिरावट देखने को मिली. इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से सोमवार शाम 5 बजे जारी किये गए रेट में गिरावट देखी गई. IBJA की तरफ से सोमवार शाम को जारी रेट के अनुसार 24 कैरेट वाला सोना गिरकर 142188 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसके अलावा 22 कैरेट वाला सोना 130244 रुपये प्रति 10 ग्राम, 18 कैरेट गोल्ड 106641 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी की बात करें तो इसमें भी गिरावट देखी गई और यह गिरकर 218722 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.
फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के संकेत
अमेरिकी फेडरल रिजर्व (Fed) की हालिया बैठक के मिनट्स से यह साफ हो गया है कि अधिकारी लगातार पैर पसारती महंगाई से चिंतित हैं. फेड को आशंका है कि महंगाई का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, जिस पर काबू पाने के लिए आने वाले समय में ब्याज दरों में और आक्रामक बढ़ोतरी की जा सकती है. बैठक के दौरान कुछ सदस्य तो तुरंत ही दरें बढ़ाने के पक्ष में नजर आए. इस कड़े रुख के बाद सितंबर में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना 62 फीसदी से उछलकर सीधे 69 फीसदी पर पहुंच गई है. फेडरल रिजर्व के इस बेहद सख्त रुख को देखते हुए ‘बैंक ऑफ अमेरिका’ ने साल 2026 के लिए सोने के औसत मूल्य अनुमान में 14 फीसदी की बड़ी कटौती कर दी है.