GST 2.0: GST दरों में कटौती का सीधा फायदा अब ग्राहकों तक पहुंच रहा है. शुक्रवार को टाटा मोटर्स ने गाड़ियों के दाम घटाने का ऐलान किया था. अब इसी कड़ी में महिंद्रा और रिनॉल्ट सहित कई कंपनियां पैसेंजर गाड़ियों की कीमतों में भारी कटौती कर रही हैं. कंपनियों का कहना है कि ये फैसला ग्राहकों को सस्ती गाड़ियां उपलब्ध कराने और निजी परिवहन को और आसान बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है. GST काउंसिल ने उन डीजल गाड़ियों पर GST को 28% से घटाकर 18% कर दिया है, जिनकी इंजन क्षमता 1500 cc और जिनकी लंबाई 4000 mm से ज्यादा नहीं है. सरकार के इस फैसले के बाद पैसेंजर गाड़ियों की कीमतों में कमी देखने को मिली रही है.
महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया X पर ऐलान किया है कि महिंद्रा एसयूवी कारों पर घटी GST का फायदा आज यानी 6 सितंबर से ही मिलेगा. आनंद महिंद्रा ने बताया कि नई कार खरीदने पर 1.56 लाख रुपये तक की बचत होगी. आनंद महिंद्रा ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें लिखा है. एक्शन. सिर्फ वादे नहीं.
कितनी सस्ती हुई महिंद्रा कारों की कीमत?
महिंद्रा बोलेरो/नियो रेंज पर 1.27 लाख रुपए तक की कटौती हो रही है. XUV3XO (पेट्रोल) पर 1.40 लाख रुपए और XUV3XO (डीजल) पर 1.56 लाख रुपए तक की राहत मिल रही है. जबकि, Thar 2WD (डीजल) पर ₹1.35 लाख और Thar 4WD (डीजल) पर ₹1.01 लाख की बचत होगी.
रिनॉल्ट इंडिया ने भी घटाए दाम
रिनॉल्ट इंडिया ने आज यानी 6 सितंबर को घोषणा की कि कंपनी ने GST 2.0 का फायदा ग्राहकों को देते हुए अपने तीन मॉडल – क्विड, ट्राइबर और किगर की कीमतों में 96,395 रुपये तक की कटौती की है. कीमत में कटौती के बाद क्विड अब 4,29,900 रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होगी. नई ट्राइबर 5,76,300 रुपये (एक्स-शोरूम) और नई किगर भी 5,76,300 रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होगी. नई कीमतें 22 सितंबर या उसके बाद होने वाली सभी डिलीवरी पर लागू होंगी. हालांकि, ग्राहक सभी डीलरशिप पर नई कीमतों पर तुरंत कोई भी रिनॉल्ट कार बुक कर सकते हैं.
GST घटने पर गाड़ियों के दाम में आयी कमी
रिनॉल्ट इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर वेंकटराम मामिलापल्ले ने कहा, ‘GST 2.0 का पूरा फायदा ग्राहकों को देना, हमारे ग्राहकों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है. हमें विश्वास है कि ये समय पर लिया गया कदम न केवल हमारी कारों को और अधिक किफायती बनाएगा. बल्कि त्योहारों के मौसम में डिमांड को भी बढ़ाएगा. ये हर भारतीय घर तक इनोवेशन, वैल्यू और भरोसा पहुंचाने के हमारे मिशन की दिशा में एक और कदम है. इससे पहले टाटा मोटर्स ने भी GST घटने पर गाड़ियों के दाम कम करने का एलान किया था.