Stock Market Update: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की खबर के बाद भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखी गई थी. लेकिन बाजार की यह तेजी लंबे समय तक कायम नहीं रह पाई और गुरुवार को बाजार में गिरावट देखी जा रही है. शेयर बाजर में यह गिरावट सीजफायर को लेकर अनिश्चितता और मुनाफावसूली के बीच देखी जा रही है. गुरुवार सुबह से ही गिफ्टी निफ्टी में गिरावट के माहौल के बीच सेंसेक्स और निफ्टी ने लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत की.
लगातार टूट रहा सेंसेक्स और निफ्टी
कारोबारी सत्र के दौरान सुबह करीब 9.40 बजे सेंसेक्स को 600 अंक की गिरावट के साथ 76,922 अंक पर ट्रेंड करते देखा गया. इसी तरह निफ्टी सूचकांक 154 अंक टूट गया और गिरकर 23,837 अंक पर कारोबार कर रहा है. सेंसेक्स के 30 में से 10 शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं. कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 50, निफ्टी नेक्सट और बैंक निफ्टी में गिरावट देखी जा रही है. बाजार में गिरावट का दौर बढ़ता जा रहा है.
क्रूड ऑयल के दाम भी उछले
अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की खबर के बाद बुधवार को क्रूड ऑयल के दाम 15 प्रतिशत से ज्यादा टूट गए थे. लेकिन अब इनमें एक बार फिर से तेजी देखी जा रही है. गुरुवार सुबह ब्रेंट क्रूड 2 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की तेजी के साथ 96.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. WTI क्रूड की बात करें तो यह करीब 3 डॉलर चढ़कर 97.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गय है. युद्ध के दौरान पिछले दिनों सोने का भाव चढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था.
सीजफायर की खबर के बाद आई थी तेजी
एक दिन पहले बुधवार को सेंसेक्स 2,946 प्वाइंट की बढ़त के साथ 77,562 पर बंद हुआ था. इसी तरह निफ्टी सूचकांक 874 अंक की तेजी के साथ 23,997 अंक पर बंद हुआ था. युद्ध के दौरान सेंसेक्स में सबसे बड़ी गिरावट 19 मार्च को आई थी. उस दिन बाजार 2,497 अंक गिर गया था लेकिन बुधवार को सीजफायर की खबर के बाद उससे भी ज्यादा तेजी देखी गई. शेयर बाजार में तेजी के दम पर बुधवार को निवेशकों को एक ही दिन में 16 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई थी. आपको बता दें 39 दिन तक चले युद्ध के दौरान निवेशकों को 51 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था.