कभी नहीं हुई थी इतनी देरी, इस बार महंगाई भत्ते के लिए इतना लंबा इंतजार क्यों ? जानिए कब मिलेगी गुडन्यूज

अप्रैल का पहला हफ्ता भी बीत गया, लेकिन केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के ऐलान को लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं दिख रही है. केंद्रीय कैबिनेट की बैठकों पर सबकी निगाहें टिकी है, लेकिन सैलरी बढ़ोतरी पर कोई फैसला नहीं आया. जो ऐलान जनवरी 2026 में होना था, उसके लिए इंतजार अब लंबा होता जा रहा है. बुधवार, 8 अप्रैल को कैबिनेट मीटिंग भी हुई. 1.74 लाख करोड़ रुपये की कई योजनाओं का ऐलान भी किया गया, लेकिन महंगाई भत्ते को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई.

केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार
केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA में बढ़ोतरी का ऐलान अब तक नहीं किया है. अप्रैल का महीना भी बीत रहा है, लेकिन अब तक कोई हलचल नहीं दिख रही है. 1 जनवरी और 1 जून को, साल में दो बार महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की जाती है, लेकिन अब इसपर कोई फैसला नहीं आया है. सबसे खास बात यह है कि जून, 2016 में, जब से 7वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू हुई हैं, उसके बाद से कभी भी इतनी देरी नहीं हुई है. अगर पिछले कुछ सालों के आंकड़ों को देखें, तो इससे पहले 28 मार्च 2025 को डीए बढोतरी का ऐलान हुआ था. उससे पहले 12 मार्च 2024 को डीए में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया गया था, लेकिन इस बार अप्रैल का पहला हफ्ता बीतने के बाद भी घोषणा नहीं की गई है.

DA हाइक के ऐलान में इतनी देरी क्यों ?
लोगों के मन में सवाल है कि आखिर डीए बढ़ोतरी के लिए इतना लंबा इंतजार क्यों करना पड़ रहा है ? इस बार डीए के ऐलान में इतनी देरी क्यों हो रही है ? क्या मिडिल ईस्ट यु्द्ध की वजह से सरकार जानबूझकर DA ऐलान को टाल रही है ? जानकारों की माने तो महंगाई भत्ते में देरी की वजह पॉलिसी से ज्यादा प्रोसिजरल है. 7वें वेतन आयोग की समयसीमा 31 दिसंबर, 2025 को खत्म हो चुकी है, लेकिन केंद्र सरकार के कर्मचारियों को इस बार डीए बढ़ोतरी इसी के तहत मिलेगा. अगर आप मान रहे हैं कि पॉलिसी में देरी की वजह से ऐसा हो रहा है, तो वजह यह नहीं है. देरी की वजह 8वें वेतन आयोग में ट्रांजिशन हो सकता है.

कब होगा DA हाइक का ऐलान
जानकारों के मुताबिक अप्रैल के दूसरे-तीसरे हफ्ते में सरकार की ओर से डीए बढ़ोतरी की घोषणा की जा सकती है. सरकार महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के ऐलान के साथ-साथ जनवरी से लेकर अब तक के एरियर का ऐलान भी कर सकती है. माना जा रहा है कि सरकार 58 फीसदी के बजाए महंगाई भत्ते को बढ़ाकर 60 फीसदी पर पहुंचा सकती है. डीए में 2 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है.