iPhone के आगे सब फेल! Apple के रेवेन्यू ने तोड़े दुनिया के सारे अनुमान

टेक्नोलॉजी की दुनिया में एप्पल ने एक बार फिर अपनी धौंस दिखा दी है. कंपनी ने हाल की तिमाही में 143.7 अरब डॉलर की कमाई कर ली है. यह कंपनी के इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में गिनी जा रही है. इस शानदार सफलता की सबसे बड़ी वजह iPhone की दमदार बिक्री रही हैं. इसने कंपनी की आय को नई ऊंचाई तक पहुंचा दिया है. यह आंकड़ा न केवल एप्पल के इतिहास में सबसे बड़ा है, बल्कि यह बताता है कि एआई (AI) के इस दौर में भी iPhone ही असली बॉस है. टेक एक्सपर्ट्स ने एप्पल से 138.4 बिलियन डॉलर के रेवेन्यू पर प्रति शेयर 2.68 डॉलर की कमाई की उम्मीद की थी, लेकिन इसने दोनों मामलों में उम्मीदों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है.

टिम कुक के अनुमान से ज्यादा रही तिमाही
यह परिणाम एप्पल के सीईओ टिम कुक द्वारा कंपनी की 2025 की चौथी तिमाही की आय घोषणा के दौरान किए गए अनाउंसमेंट के करीब हैं. उन्होंने कहा था कि अगर रेवेन्यू में सालाना आधार पर 10 से 12 प्रतिशत की बढ़त होती है, तो दिसंबर की तिमाही कंपनी के लिए सबसे सबसे अच्छी होगी. अंत में कंपनी ने टिम कुक के उस अनुमान को भी पार लिया है.

अब भी iPhone लोगों की पसंद
मार्केट में कड़ी टक्कर के बावजूद लोगों की पसंद अब भी iPhone ही बना हुआ है. कंपनी के iPhone से होने वाली आय 85.27 अरब डॉलर तक पहुंच गई हैं. नए मॉडल्स और बेहतर फीचर्स ने ग्राहकों को खूब लुभाया है. जिसका इसका सीधा असर बिक्री पर देखने को मिल रहा हैं. कंपनी को उम्मीद से ज्यादा फायदा हुआ, जिससे निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है. मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी की इस छप्पर फाड़ कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा आईफोन की बिक्री से आया है. लोगों का मानना था कि शायद इस बार iPhone की सेल में थोड़ी सुस्ती दिखेगी, लेकिन iPhone 16 सीरीज और पुराने मॉडल्स की डिमांड ने सारे अनुमानों को गलत साबित कर दिया.

सिर्फ हार्डवेयर नहीं, सर्विसेज भी सुपरहिट
एप्पल अब सिर्फ एक फोन बेचने वाली कंपनी नहीं रह गई है. कंपनी का सर्विसेज बिजनेस जैसे ऐप स्टोर, क्लाउड स्टोरेज, म्यूजिक और वीडियो भी रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रहा है. जो भी एक बार Apple का डिवाइस खरीद लेता है, वह अपने आप कंपनी की दूसरी सेवाओं से भी जुड़ जाता है. इससे कंपनी का कारोबार मजबूत बना रहता है.

कुछ प्रोडक्ट की बिक्री में दिखी गिरावट
एप्पल के दूसरे प्रोडक्ट जैसे कंप्यूटर और टैबलेट की बिक्री में हल्की गिरावट देखने को मिली हैं. जहां मैक से 8.39 बिलियन डॉलर और आईपैड से 8.50 बिलियन डॉलर का रेवेन्यू प्राप्त किया. तो वहीं वियरेबल्स, होम और एक्सेसरीज से 11.49 बिलियन डॉलर का रेवेन्यू प्राप्त हुआ. लेकिन इससे कुल नतीजों पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है. कंपनी की कुल कमाई इतनी मजबूत रही कि बाकी हिस्सों की सुस्ती दबकर रह गई. लोगों का मानना है कि एप्पल ने अपने इकोसिस्टम की ताकत का सही फायदा उठाया है. कंपनी के फोन, सॉफ्टवेयर और अन्य सर्विसेज का तालमेल ऐसा है कि यूजर लंबे समय तक कंपनी से जुड़ा रहता है.

AI (Apple Intelligence) का गेम-चेंजर प्लान
आने वाले समय में कंपनी नई तकनीकों और एआई फीचर्स पर भी ध्यान दे रही है. एप्पल ने साफ किया कि उसका एप्पल इंटेलिजेंस (AI) आने वाले दिनों में आईफोन की बिक्री को और रफ्तार देगा. कंपनी का मानना है कि जैसे-जैसे एआई फीचर्स लोगों तक पहुंचेंगे, पुराने आईफोन यूजर्स नए मॉडल्स पर अपग्रेड करने के लिए मजबूर होंगे. इस तिमाही के नतीजों से साफ हो गया है कि स्मार्टफोन मार्केट में iPhone अब भी एप्पल की कमाई का सबसे बड़ा आधार बना हुआ है. कंपनी की गाड़ी इसी के दम पर तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है.