Nitin Nabin Net Worth: नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं. आज उनके नाम का औपचारिक ऐलान हो जाएगा. 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा और 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे. एक दिन पहले बीजेपी हेड क्वार्टर में उनका नामांकन बिना किसी विरोध के संपन्न हुआ. इस दौरान उनके साथ अमित शाह और राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज मौजूद रहे. पार्टी ने नितिन नबीन को बड़ी जिम्मेदारी देकर एक बार फिर से यूथ पर भरोसा जताया है. आइए जानते हैं भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नेटवर्थ आदि के बारे में-
कौन हैं नितिन नबीन?
रांची में जन्मे नितिन नबीन के पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी बीजेपी के सीनियर लीडर थे. वह पटना वेस्ट से बिहार विधानसभा में चार बार विधायक रहे. नबीन की शादी दीपमाला श्रीवास्तव से हुई है और उनके एक बेटा और एक बेटी है. नितिन नबीन खुद बिहार से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं. साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने बांकीपुर सीट से आरजेडी की रेखा कुमारी को हराया. नबीन अपनी सादगी और जमीन से जुड़ाव के कारण कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं.
नितिन नबीन की नेटवर्थ
नितिन नबीन की तरफ से साल 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में दाखिल किये गए चुनावी हलफनामे में कुल 3.08 करोड़ रुपये की नेटवर्थ बतायी है. इसमें उन्होंने 1.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का जिक्र किया है. उन पर कुल 56.6 लाख रुपये का लोन है. चुनाव आयोग को दी गई जानकारी के अनुसार नितिन नबीन के पास कोई घर नहीं है. उनकी पत्नी और परिवार की प्रॉपर्टी को मिलाकर यह आंकड़ा बताया गया है.
पति-पत्नी के पास 60 हजार रुपये कैश
इसके अलावा नितिन नबीन के पास 35,000 रुपये कैश और पत्नी के अकाउंट में 25,000 रुपये कैश है. यानी दंपति के पास चुनाव के समय 60,000 रुपये की नगदी थी. बैंक और फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस में उनके 98.68 लाख रुपये जमा हैं. उनके पास 6.6 लाख रुपये के बॉन्ड और शेयर हैं. वह दो एसयूवी महिंद्रा स्कॉर्पियो (मार्च 2025) और टोयोटा इनोवा क्रिस्टा (अक्टूबर 2022) के मालिक हैं. दोनों कारों की मार्केट वैल्यू करीब 37.8 लाख रुपये है. नबीन और उनकी पत्नी के पास 11.3 लाख रुपये की गोल्ड ज्वेलरी (उस समय के रेट के अनुसार) है. इस तरह नबीन के पास 93 लाख रुपये पत्नी के पास 66.5 लाख रुपये की चल संपत्ति है. दो बच्चों समेत परिवार की कुल मूवेबल संपत्ति 1.6 करोड़ रुपये है.
कितनी है आमदनी?
नितिन नबीन के पास खुद का कोई घर या प्लॉट नहीं है. उनकी पत्नी के नाम पर झारखंड के धुर्की में 29 लाख रुपये का एक प्लॉट है. इसके अलावा पत्नी के ही नाम पर पटना में 1.18 करोड़ का एक और प्लॉट है. परिवार की कुल अचल संपत्ति 1.47 करोड़ रुपये है. नितिन नबीन की 2025-26 में सालाना आमदनी 3.71 लाख रुपये की रही. इससे पहले 2021-22 में यह आमदनी 3.35 लाख रुपये की थी. उनकी पत्नी दीपमाला की आमदनी 2025-26 में 1.12 लाख रुपये और 2021-22 में 14.6 लाख रुपये थी.