भ्रष्टाचार से निपटने को इस देश ने AI बॉट को नियुक्त किया मंत्री

This country appointed AI bot as minister to tackle corruption

दक्षिण-पूर्वी यूरोपीय देश अल्बानिया ने भ्रष्टाचार से निपटने के लिए अनूठा कदम उठाया है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बॉट को मंत्री नियुक्त किया है। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा, जो अपना चौथा कार्यकाल शुरू करने जा रहे हैं, ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने नई सरकार में एक नए मंत्री को नियुक्त किया है, जो सार्वजनिक खरीद विभाग का कार्यभार संभालेगा। प्रधानमंत्री रामा ने बताया कि नया मंत्री एक AI बॉट होगा, जिसे डिएला नाम दिया गया है। डिएला पर धमकियों और रिश्वत का असर नहीं पड़ेगा और न ही वह पक्षपात कर सकेगा। इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकेगा।

अल्बानियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि डिएला, जिसका अर्थ ‘सूर्य’ होता है, उन सभी सार्वजनिक निविदाओं का प्रबंधन और आवंटन करेगा, जिनमें सरकार विभिन्न परियोजनाओं के लिए निजी कंपनियों के साथ अनुबंध करती है। रामा ने अपने नए मंत्रिमंडल के सदस्यों की घोषणा करते हुए कहा, “डिएला पहले कैबिनेट सदस्य हैं जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं होंगे क्योंकि वह एआई निर्मित बॉट हैं। वह अल्बानिया को एक ऐसा देश बनाने में मदद करेंगे, जहाँ सार्वजनिक निविदाएँ 100% भ्रष्टाचार मुक्त हों।”

अल्बानिया में भ्रष्टाचार का बोलबाला
अल्बानिया में लंबे समय से निविदाओं के आवंटन में भारी भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा है। इस बाल्कन देश के बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि यह दुनिया भर में ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से कमाई गई ब्लैक मनी को व्हाइट करने की कोशिश करने वाले गिरोहों का बड़ा केंद्र है, और जहाँ भ्रष्टाचार सत्ता के गलियारों तक पहुँच गया है। अल्बानिया की इस छवि ने उसके यूरोपीय संघ में एंट्री को मुश्किल कर दिया है।

2030 तक भ्रष्टाचार मुक्त होने का लक्ष्य
यही कारण है कि अल्बानियाई प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए AI बॉट का सहारा लेने का फैसला किया है। वह चाहते हैं कि 2030 तक उनका देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाए। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह लक्ष्य महत्वाकांक्षी है। दूसरी तरफ, सरकार ने इस बारे में कोई विवरण नहीं दिया है कि डिएला पर किस तरह की मानवीय निगरानी हो सकती है, या उस जोखिम का भी कोई ज़िक्र नहीं किया गया है कि कोई कृत्रिम बुद्धिमत्ता वाले बॉट में हेरफेर कर सकता है या नहीं।

नया मंत्री कैसे करेगा काम
डिएला को मूल रूप से इस साल की शुरुआत में ई-अल्बानिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक एआई-संचालित आभासी सहायक के रूप में लॉन्च किया गया था, जो नागरिकों और व्यवसायों को सरकारी दस्तावेज़ प्राप्त करने में मदद करता है। पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक पहने, वह आवाज़ के ज़रिए सहायता प्रदान करता है और इलेक्ट्रॉनिक स्टाम्प के साथ दस्तावेज़ जारी करता है, जिससे नौकरशाही में होने वाली देरी कम होती है।

हालांकि, सरकार की नई मुहिम पर लोगों ने अभी से ही सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। एक फ़ेसबुक उपयोगकर्ता ने कहा: “अल्बानिया में डिएला व्यवस्था भी भ्रष्ट हो जाएगी।” एक अन्य ने कहा: “चोरी जारी रहेगी और डिएला को दोषी ठहराया जाएगा।”