Stock Market Update: अमेरिका-इजरायल और ईरान के युद्ध के चलते ग्लोबल मार्केट में उठा-पटक बनी हुई है. युद्ध में नरमी के संकेतों के बीच क्रूड ऑयल के दाम में नरमी के साथ ही शेयर बाजार में भी तेजी देखी गई. लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भाषाण के बाद बाजार में गिरावट के आसार लग रहे हैं. भाषण से पहले बाजार को उम्मीद थी कि ट्रंप दोनों तरफ से चल रहे युद्ध को जल्द खत्म करने का इंशारा देंगे. लेकिन ट्रंप के बयान से साफ है कि वह अभी संघर्ष को रोकने के मूड में नहीं हैं. उनके भाषण के बाद क्रूड ऑयल में जबरदस्त तेजी के साथ ही गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है. इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कल की तेजी के बाद एक बार फिर से भारतीय शेयर बाजार गिरकर खुल सकता है.
अपने भाषण के दौरान ट्रंप ने साफ कहा कि अगले दो से तीन हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला होगा. उनकी कुछ बातें जंग को निर्णायक मोड़ पर नहीं ले जाने की बजाय उलझी हुईं दिखाई दीं. ट्रंप का भाषण खत्म होते ही ग्लोबल लेवल पर क्रूड ऑयल के दाम में भी जबरदस्त तेजी देखी गई. दो दिन पहले तक युद्ध में नरमी के संकेत मिल रहे थे. लेकिन आज माहौल पूरी तरह बदल गया और ट्रंप दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध को किसी तरह के कम करने का साफ इशारा नहीं किया. उन्होंने दूसरे देशों से यह भी अपील की कि होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने में मदद करें.
ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता बुरी तरह कम हुई
ट्रंप ने व्हाइट हाउस से शाम 9 बजे (EDT) दिये गए प्राइम टाइम भाषण में ईरान के खिलाफ चल रहे संघर्ष पर अपडेट दिया. उन्होंने कहा कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता बुरी तरह कम हो गई है. दुश्मन देश के हथियार बनाने के कारखाने और रॉकेट लॉन्चर लगातर तबाह हो रहे हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की नौसेना ढेर हो गई है और उसकी एयर फोर्स भी बेकार हो गई है. उनके कई नेताओं को मारा जा चुका है.
शेयर बाजार में गिरावट की आशंका
जिन देशों को तेल नहीं मिल रहा और जो ईरान के खिलाफ कार्रवाई में शामिल नहीं हुए, उनको ट्रंप की तरफ से सुझाव दिया गया कि वे अमेरिका से तेल की खरीद करें. उन्होंने यह भी कहा कि हिम्मत जुटाएं और होर्मुज स्ट्रेट जाकर इसे खोल लें. अमेरिका ने ईरान को पहले से काफी कमजोर कर दिया है. उन्होंने कहा अमेरिकी सेना ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ में पिछले चार हफ्तों के दौरान तेजी से जीत हासिल की है. ट्रंप की तरफ से दिये गए इस बयान के बाद क्रूड ऑयल की कीमत में भारी तेजी के साथ ही शेयर बाजार में गिरावट की आशंका है.
क्रूड ऑयल के दाम में तेजी
ट्रंप के भाषण से पहले युद्ध में नरमी की उम्मीद में 2 अप्रैल 2026 की सुबह इंटरनेशल ऑयल मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया. सुबह के समय क्रूड के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब गिर गए. लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से राष्ट्र को दिये गए संबोधन के बाद दाम अचानक बढ़ गए. ट्रंप के भाषण से पहले ब्रेंट क्रूड गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. दूसरी तरफ अमेरिकी WTI क्रूड भी 98.71 डॉलर प्रति बैरल पर देखा गया. लेकिन भाषण के बाद तेज उछाल आया और ब्रेंट क्रूड 4% से ज्यादा बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. इसी तरह WTI क्रूड के दाम 3% बढ़कर 103 डॉलर प्रति बैरल के पार चले गए.
शेयर बाजार में फिर आएगी गिरावट
ट्रंप के भाषण के बाद शेयर बाजार में भी गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है. एशियन मार्केट में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक लाल निशान के साथ कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं. सुबह के समय गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) में 400 से ज्यादा अंक की गिरावट देखी गई. जो कि बाजार में कमजोर शुरुआत होने की तरफ इशारा कर रही है. आइए देखते हैं एशियाई मार्केट का हाल-
> जापान का निक्केई 1,103 अंक टूटकर 52,636 पर पहुंचा.
> साउथ कोरिया का कोस्पी 220 अंक टूट गय और 5,258 अंक पर देखा गया.