सावधान! हिमाचल में भूस्खलन से 36 सड़कें बंद, इस दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

Caution! 36 roads closed due to landslide in Himachal, heavy rain alert till this day
Caution! 36 roads closed due to landslide in Himachal, heavy rain alert till this day
इस खबर को शेयर करें

शिमला: हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच जमकर बारिश हो रही है। कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और मंडी जिलों में देर रात तेज वर्षा हुई है। बादलों के बरसने के प्रतिकूल प्रभाव दिखने लगे हैं और भूस्खलन की घटनाएं शुरू हो गई हैं। मंडी में कई जगहों पर भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गईं। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल है।

इस दिन तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी करते हुए लोगों खासतौर पर सैलानियों को सचेत रहने को कहा है। राज्य में आठ जुलाई तक भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। सैलानियों को भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों के समीप न जाने की हिदायत दी गई है।

169 ट्रांसफार्मर और 36 सड़कें बंद

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार मंगलवार सुबह तक राज्य में 36 सड़कें बंद हैं। इनमें मंडी जिला में 35 और चंबा में एक सड़क अवरुद्ध है। मंडी जिला के गोहर उपमण्डल में 13, करसोग में 11, सैंज में 10 और सुन्दरनगर में एक सड़क बाधित है। कांगड़ा जिला के इंदौरा उपमण्डल में भी एक सड़क पर आवागमन ठप है। भारी वर्षा के साथ आसमानी बिजली गिरने से राज्य में 169 ट्रांसफार्मर बंद पड़ गए हैं। ऊना जिला में सबसे ज्यादा 77, मंडी में 68 और चम्बा में 24 ट्रांसफार्मर बंद हैं।

कहां कितनी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बीती रात कांगड़ा में सबसे ज्यादा 75 मिलीमीटर वर्षा हुई है। इसके अलावा बरठीं में 41, धर्मशाला में 30, सैंज में 29, ऊना में 20, मंडी में 16 और बिलासपुर में 10 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है।

हिल्स स्टेशनों में घटी सैलानियों की आवाजाही

राज्य में सैलानियों की आवाजाही में भारी गिरावट आ गई है। प्रमुख हिल्स स्टेशनों शिमला, चायल, डलहौजी, मनाली और कसौल इत्यादि में होटलों की ऑक्यूपेंसी में कमी आई है। शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी 85 फीसदी से घटकर 60 फीसदी रह गई है। शिमला होटलियर एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि बारिशों का दौर शुरू होने पर होटलों में एडवांस बुकिंग भी गिर गई है। कुछ बुकिंग केवल वीकेंड के लिए ही आई है। राज्य में पर्यटन सीजन आधिकारिक तौर पर 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक रहता है।