अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर चार धाम यात्रा शुरू, शुभ मुहूर्त में खुले केदारनाथ धाम के कपाट

इस खबर को शेयर करें

देहरादून: Char Dham Yatra 2024, Kedarnath Yatra: अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। जिसके बाद चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। वहीं अब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के श्री कपाट खोले जाएंगे। इसके लिए तीनों धामों को भव्‍य रूप से सजाया गया है। सबसे पहले सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट देश-विदेश के भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके बाद गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। केदारनाथ के कपाट खुलने के समय उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम में मौजूद रहे।

Char Dham Yatra 2024: सुबह चार बजे से लगने लग गई थी कतार
शुक्रवार प्रातः चार बजे से मंदिर परिसर तथा दर्शन पंक्ति में यात्रियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। उसके बाद बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय, रावल भीमाशंकर लिंग, मुख्यकार्याधिकारी योगेंद्र सिंह पुजारी, धर्माचार्य वेदपाठी तथा केदार सभा के पदाधिकारी तथा जिलाधिकारी डा. सौरभ गहरवार प्रशासन के अधिकारी पूरब द्वार से मंदिर पहुंच गये।

Char Dham Yatra 2024: दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम
विकासनगर: शुक्रवार से शुरू हो रही चार धाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। गुरुवार को बाड़वाला में परिवहन विभाग की चेकपोस्ट पर ग्रीन कार्ड चेक करने की वजह से दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची एआरटीओ व पुलिस की टीम ने जाम खुलवाया।

Char Dham Yatra 2024: सात हजार से अधिक भक्‍त बने साक्षी
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय धाम में सात हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलोंं से सजाया गया। साथ ही कपाट खुलते समय तीर्थयात्रियों पर हैलीकॉप्टर द्वारा फूलवर्षा हुई। यहां श्रद्धालुओं के लिए जगह – जगह भंडारे आयोजित किये गये हैं। मुख्य सेवक भंडारा कार्यक्रम समिति ने भी भंडारे आयोजित किए हैं। शुक्रवार को केदारनाथ में मौसम साफ रहा। आस-पास तथा दूर बर्फ होने से सर्द बयारें चलती रहीं।

Char Dham Yatra 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से होगी पहली पूजा
केदारनाथ में मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम की कराएंगे।

Char Dham Yatra 2024: मुख्‍यमंत्री ने दी सभी श्रद्धालुओं को बधाई
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कपाट खुलने के अवसर पर विशेषरूप से मौजूद रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी देश‌ एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की। कहा कि इस बार चारधाम यात्रा नया कीर्तिमान बनायेगी। प्रदेश सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु प्रतिबद्ध है।

Char Dham Yatra 2024: केदारनाथ मंदिर को सजाया गया बीस ​क्विंटल फूलों से
केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने के पावन मौके पर मंदिर को बदरी केदार मंदिर समिति द्वारा भव्य रूप से सजाया गया है। वहीं कपाट खुलने के बाद अब भारी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं।

शुक्रवार सुबह सात बजे केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। इस दौरान धाम में हजारों भक्‍त इस पल के साक्षी बने। उत्‍तराखंड के सीएम पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम में उपस्थित रहे। उनके साथ उनकी पत्‍नी गीता धामी भी धाम में मौजूद रहीं।

बस अब कुछ देर में ही बाबा केदार के धाम केदारनाथ के कपाट विधिविधान के साथ खोल दिए जाएंगे। अगले छह माह तक बाबा केदार यहीं भक्‍तों को दर्शन देंगे। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी भी धाम पहुंच चुके हैं।

Char Dham Yatra 2024: राज्यपाल ने अक्षय तृतीया की दी शुभकामनाएं
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने प्रदेशवासियों को अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि संपूर्ण पापों का नाश करने वाली एवं सभी सुखों को प्रदान करने वाली अक्षय तृतीया की पावन तिथि सभी के जीवन में नई ऊर्जा का संचार करे। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से सभी के जीवन में समृद्धि, सौभाग्य व सफलता का संचार हो एवं सबके अन्न, धन और विद्या में वृद्धि हो। राज्यपाल ने शुक्रवार को अक्षय तृतीया के दिन गंगोत्री, यमुनोत्री एवं केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुगम व सुखद चारधाम यात्रा की कामना की है।

Char Dham Yatra 2024: मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को अक्षय तृतीया की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष बैशाख माह की तृतीया तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व मांगलिक कार्यों के लिए शुभ माना जाता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह पर्व हम सबके जीवन में सौभाग्य एवं समृद्धि लेकर आए।

Char Dham Yatra 2024: पिछले सभी पुराने रिकार्ड तोड़ेगी यात्रा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में शुक्रवार से प्रारंभ हो रही चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकार्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।