छत्तीसगढ़ में 25 माह में पैसा डबल कर रहा था ठग, 1 करोड़ 88 लाख रुपए लेकर भागा

जांजगीर चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक बड़े फ्रॉड का मामला सामने आया है. जमीन खरीदी- बिक्री और शेयर मार्केट में रकम दुगना करने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से जमा कराए 1 करोड़ 88 लाख रुपए लेकर फरार हो गया था. फरार चल रहे महाठग को मंगलवार को मुखबिर की टिप गिरफ्तार करने में सफलता पाई. भोले-भाले लोगों को 25 माह में उनकी रकम दोगुना करने का झांसा देकर उत्तरा साहू नामक महाठग ने करोड़ों रुपए बंटोरे और फिर जमा रकम लेकर चंपत हो गया था. कुल जमा 1 करोड़ 88 लाख रुपए की बड़ी ठगी के आरोपी को जांजगीर चांपा पुलिस ने अब सफलता पाई है.

25 महीने में दोगुना पैसा देने का झांसा देकर ठगे करोड़ों रुपए
रिपोर्ट के मुताबिक 25 माह में दोगुना पैसा देने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों का करोड़ों रुपए डकारने वाले आरोपी ने लोगों से खुद को शेयर बाजार एक्सपर्ट बताकर पैसे जमा कराए और फिर उनका पैसा लेकर चंपत हो गया. दिलचस्प बात यह है कि करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम देने वाले गैंग सरगना उत्तरा साहू के साथ दोनों बेटे भी इसमें शामिल थे.

लोगों के खून-पसीने की कमाई के पैसों से बनाई अपनी संपत्ति
पुलिस ने बताया कि करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी उत्तरा साहू ने जो पैसा डबल करने के जमा कराया था, उन पैसे को आरोपी ने न तो शेयर मार्केट में लगाया था और न ही जमीन-खरीदी बिक्री में लगाया, बल्कि उससे अपनी खुद संपत्ति बनाने में उपयोग किया था.

पैसा दोगुना करने के नाम पर लोगों को ठगने वाले महाठग से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में है कि ठगी कितने गहराई तक फैली हुई है. आरोपियों ने बहुतों को चूना लगाया है, ऐसे में पीड़ित और ठगी के रकम की बढ़ने की संभावना है.

मुखबिर से मिली टिप पर पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार महाठग
गौरतलब है महाठगी को अंजाम देने के बाद फरार हुआ आरोपी पुलिस से लगातार भागा-भागा फिर रहा था. आरोपी उत्तरा साहू को पकड़ने के लिए पुलिस ने मुखबिरों को काम पर लगाया था और एक मुखबिर से मिली टिप पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई. अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है

1.88 करोड़ रुपए की ठगी का आरोपी पहले भी गया है जेल
पुलिस के मुताबिक 1 करोड़ 88 लाख रुपए ठगी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी उत्तरा साहू पहले भी कई मामलों में जेल यात्रा कर चुका है. मुख्य आरोपी के साथ गिरफ्तार उसके बेटों क्रमशः भूपेंद्र साहू, हिरेंद्र साहू सुरेंद्र साहू को भी जेल भेजा गया है. पुलिस अब ठगी के शिकार हुए अन्य पीड़ितों को पता लगा रही है.