छत्तीसगढ़ की मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत; कैसे हुआ हादसा?

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से मित्तल फैक्ट्री में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री में 2 लोग जिंदा जलकर मर गए। मरने वालों में सुपरवाइजर और मजदूर शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, मोटर से निकली चिंगारी से तारपीन तेल के टैंकर में आग लगी थी। इससे आग बेकाबू हो गई और फिर 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। ये पूरा मामला सिरगिट्टी थाना इलाके का है।

मजदूर और सुपरवाइजर की जलकर मौत
जानकारी के दौरान, मृतक सुपरवाइजर ऋषभ शुक्ला आग लगने के बाद फैक्ट्री से निकाल लिए गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचा दिया गया था। लेकिन तब तक वो गंभीर रूप से जल चुके थे। इस कारण उनकी मौत हो गई। वहीं मजदूर को जलती फैक्ट्री से नहीं निकाला जा सका था। इस कारण उसकी अंदर ही जलकर मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फैक्ट्री में लकड़ी पॉलिश करने वाले तारपीन तेल को स्टोरेज करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। लेकिन बुधवार को अचानक ही टैंकर से धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटें दूर से दिखीं तो लोगों में अफरा-तफरी दिखी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम ने आग पर काबू करना शुरू किया।

आग की उठती लपटों के बीच मजदूर जान बचाकर भागे, लेकिन इस बीच सुपरवाइजर के कपड़ों में आग लग गई। उन्हें जैसे तैसे अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अन्य मजदूर की भी हादसे में जान चली गई।