छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का नया खेल, प्रेस लिखी गाड़ी से आए पास्टर, जैसे पता चली बात तो शुरू हुआ खूनी संघर्ष!

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के भरंडा थाना क्षेत्र में सोमवार रात धर्मांतरण के आरोपों को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई. इस घटना में कुछ ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लेकर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है.

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि एक प्रेस लिखी गाड़ी में कुछ लोग गांव में पहुंचे थे. इनमें एक पास्टर और 2-3 अन्य लोग शामिल थे. ग्रामीणों के अनुसार, ये लोग आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे. इस बात की जानकारी फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए.

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू
इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई जब गांव के एक घर में कथित धार्मिक गतिविधियों को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. फिर क्या था देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई. इस झड़प में एक महिला समेत 2-3 लोग घायल हो गए. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. इस तनाव को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

ग्रामीणों का सड़क पर विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन भी किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रेस लिखी गाड़ी के दुरुपयोग से पत्रकारिता की छवि पर गलत असर पड़ रहा है. पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.