छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो आईएएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2011 बैच के आईएएस अधिकारी चंदन कुमार को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (CRDA) के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
फिलहाल चंदन कुमार वित्त विभाग छत्तीसगढ़ में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वे नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का दायित्व भी संभाल रहे हैं।
वहीं दूसरे आदेश के तहत आईएएस अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल को धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। अब वे केवल अपने मूल विभाग में ही कार्य करेंगे। तीर्थराज अग्रवाल वर्तमान में योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग छत्तीसगढ़ में उप सचिव के पद पर पदस्थ हैं और आगे भी इसी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।