Bhupesh Baghel Big Allegation-छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेश बघेल ने एक बार फिर केंद्र सरकार और बीजेपी पर हमला करते हुए बड़ा आरोप लगाया है. भूपेश बघेल ने गुरुवार को एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनसे फोन पर संपर्क किया था. बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों पर चर्चा की थी, जिसका असली मकसद उन्हें डराकर या समझाकर बीजेपी में शामिल होने के लिए राजी करना था.
भूपेश बघेल ने लगाए आरोप
भूपेश बघेल ने बीजेपी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल विपक्ष के नेताओं की आवाज को दबाने के लिए ईडी और आईटी जैसी जांच एजेंसियों को एक हथियार की तरह इस्तेमाल करता है. बघेल के अनुसार, बीजेपी पहले विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाती है और फिर उन्हें अपनी वॉशिंग मशीन का ऑफर देती है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे होते हैं, वे बीजेपी में जाते ही साफ-सुथरे हो जाते हैं. इस दौरान उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के नेता अजीत पवार और नारायण राणे का नाम लिया.
‘अमित शाह ने किया फोन’
भूपेश बघेल ने कहा कि अमित शाह ने मुझे फोन किया और मेरे खिलाफ चल रहे मामलों के बारे में पूछा. मैंने उनसे कहा कि मैं विपक्ष में हूं और सरकार की कमियां निकालना मेरा फर्ज है. उन्होंने साफ तौर पर बीजेपी में आने की बात नहीं कही, लेकिन उनके फोन के तुरंत बाद मेरे ठिकानों पर रेड हो गई. तब मुझे समझ आया कि उस कॉल का असली मतलब क्या था. बघेल ने जोर देकर कहा, BJP में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं है.
महादेव सट्टा केस पर भी बोले
महादेव ऐप बेटिंग केस पर चुनावों के दौरान लगे आरोपों का जिक्र करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि चुनावों के दौरान, मोदी जी ने महादेव ऐप के बारे में आरोप लगाए थे. लेकिन आज भी बेटिंग हो रही है. प्रोजेक्शन मनी कौन ले रहा है, क्या पीएम मोदी या सीएम साय. बता दें कि बीजेपी ने पहले ही विपक्ष के उन आरोपों को नकार दिया है कि सेंट्रल एजेंसियों का राजनीतिक मकसद के लिए गलत इस्तेमाल किया जाता है.