रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक घर से 5 लाशें मिलने की सनसनीखेज खबर सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक घर में एक कपल, उनकी दो नाबालिग बेटियों और एक बेटे की मौत का मामला सामने आया है। मामले में हत्या और आत्महत्या का शक है। एक अधिकारी ने बताया कि संजय नगर इलाके में पीड़ितों के किराए के घर में हुई इन मौतों का पता शुक्रवार देर रात चला।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आदमी ने फांसी लगाकर अपनी जान देने से पहले अपने परिवार के सदस्यों को जहर दिया था। हालांकि मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान साजिद अली उर्फ सज्जू (50), उनकी पत्नी राबिया बानो (45), बेटे इरशाद अली (20) और बेटियों शाहिद बेगम (15) और इरशाबा परवीन (12) के तौर पर हुई है। अधिकारी ने बताया कि परिवार को बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और बंद घर से बदबू आने लगी। इसके बाद मकान मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और साजिद का शव छत से लटका हुआ पाया। जबकि उसकी पत्नी, बेटे और बेटियों के शव फर्श पर पड़े थे। अधिकारी ने बताया कि यह परिवार पिछले आठ महीनों से किराए के मकान में रह रहा था। साजिद पुरानी बैटरी खरीदने और बेचने का काम करता था।
शुरुआती जांच के मुताबिक, परिवार को आखिरी बार गुरुवार शाम को देखा गया था और शुक्रवार को घर बंद रहा। इसके बाद घर में रहने वाले एक अन्य किराएदार ने मकान मालिक से संपर्क किया। शुक्रवार देर रात सीनियर पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। इसके बाद आगे की जांच के लिए घर को सील कर दिया गया।
पुलिस को शक है कि खुदकुशी करने से पहले उस व्यक्ति ने परिवार के खाने में कोई जहरीली चीज मिला दी थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा।