छत्तीसगढ़: बीजापुर में 46 लाख के इनामी 12 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार को आठ महिला कैडर समेत 12 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 46 लाख रुपये का इनाम था और सभी दक्षिण उप-क्षेत्रीय ब्यूरो से जुड़े थे। इन्होंने नक्सलियों के पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे ‘पूना मार्गेम’ अभियान के तहत आत्मसमर्पण किया। बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में मंडल समिति के सदस्य और कटेकल्याण क्षेत्रीय समिति के प्रभारी 42 वर्षीय सोमादु मदकम, 19 वर्षीय हुंगी कुंजाम और 22 वर्षीय पयाकी कुंजाम भी शामिल हैं।

इन तीनों पर आठ-आठ रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि तीन अन्य कैडरों पर पांच लाख रुपये, एक कैडर पर दो लाख रुपये और पांच कैडरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने एक एके-47 राइफल, दो सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), जिलेटिन की 250 छड़ें, 400 डेटोनेटर, बारूद से भरा एक प्लास्टिक ड्रम और कॉर्डेक्स तार का एक बंडल भी पुलिस को सौंपा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी और सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा। – 888 नक्सली मुख्यधारा में लौटे पुलिस ने बताया कि बीजापुर में एक जनवरी, 2024 से अब तक 888 नक्सली हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट हैं, जबकि 1,163 को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 231 नक्सली अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए हैं।