छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न; 27 जिलों में होगी झमाझम बारिश, तीन दिन के लिए IMD ने दिया अलर्ट

रायपुर: राजधानी रायपुर में 23 फरवरी को आकाश में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा वर्षा या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28 डिग्री और 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

देश के अन्य हिस्सों के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी मौसम ने अब करवट बदल ली है और अगले तीन दिन के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 27 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, साथ ही 25 फरवरी तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने के साथ तेज हवा चलने का अनुमान लगाया है। विभाग का कहना है कि इस दौरान सोमवार को जहां प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में वहीं मंगलवार व बुधवार को कुछ जिलों में बारिश होने व बिजली गिरने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव की वजह से राज्य में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट होने और इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में फिर वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से मध्य भारत तक बनी ट्रफ लाइन नमी खींच रही है, जिससे बादल छा रहे हैं।

अगले तीन दिन इन जिलों में बारिश के आसार सोमवार (23 फरवरी) को IMD ने प्रदेश को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, बिलासपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदा बाजार-भाटापारा, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली गिरने के अलावा 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया है।

मंगलवार (24 फरवरी) को विभाग ने प्रदेश के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, दुर्ग, बालोद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली गिरने की संभावना जताई है। बुधवार (25 फरवरी) को मौसम विभाग ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा और बालोद जिलों गरज-चमक के साथ बारिश होने व बिजली गिरने की संभावना जताई है। 26 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और इसके बाद सुबह हल्का कुहासा तथा दिन में साफ आसमान रहने की संभावना है।

सोमवार को कैसा रहेगा रायपुर का मौसम राजधानी रायपुर में 23 फरवरी को आकाश में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा वर्षा या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28 डिग्री और 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

कैसा रहा बीते दिन का मौसम? बीते दिन यानी रविवार को छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई तथा प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

मौसम की विशेषताएं 23 फरवरी को सुबह 8:30 बजे दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उसी क्षेत्र में बना रहा। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों में इसके लगभग उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते रहने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। गंगीय पश्चिम बंगाल से लेकर उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक ओडिशा से होते हुए समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर मराठवाड़ा तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है।