Chhattisgarh Weather Today: छत्तीसगढ़ में फरवरी महीने की शुरूआत से पहले मौसम का अंदाज लगातार बदल रहा है. कभी हल्की ठंड और कभी दिन में बढ़ती गर्मी लोगों को चौंका रही है. अब मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसका असर खासकर सुबह और रात के समय महसूस किया जाएगा. इसके साथ ही प्रदेश के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है. वहीं 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.
बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 फरवरी को मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में बदलाव आएगा और ठंड की तीव्रता कुछ हद तक कम हो सकती है. यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद हो सकती है.
उत्तरी छत्तीसगढ़ में छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो सकती है, इसलिए पैदल चलने वालों और गाड़ी चलाने वालों को खासकर सुबह के समय, सावधानी बरतनी की अपील की गई. मौसम विभाग का कहना है कि, ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान में काफी गिरावट आ सकती है.
2 फरवरी के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि वेस्टर्न जेट स्ट्रीम अभी उत्तर-पूर्वी भारत में एक्टिव है और इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है. इससे तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है. इसके अलावा 2 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिमी भारत पर असर डालेगा और जिसके बाद इसके असर से पूरे राज्य में मौसम में बदलाव आएगा.
कैसा रहेगा अगले दो दिनों का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. हालांकि कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है. बारिश का कोई अनुमान नहीं है, लेकिन ठंडी और गर्म हवाओं के मेल की वजह से लोगों को सुबह और शाम को ठंड और दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है.
रायपुर के मौसम का हाल
31 जनवरी को राजधानी रायपुर में सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
यहां दर्ज किया गया ज्यादा अधिकतम तापमान
छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान नॉर्मल से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. सबसे ज्यादा तापमान दुर्ग में 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मुंगेली में 31.1 डिग्री सेल्सियस, राजनांदगांव में 31 डिग्री, दुर्ग में एक और जगह पर 30.8 डिग्री और रायपुर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.